
नई दिल्ली: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 8 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने गत चैंपियन दक्षिण कोरिया को 4-1 के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह भारत का चौथा एशिया कप खिताब है। इस जीत के साथ ही भारत ने 2026 में होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। खेल के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने गोल दागकर भारत को शुरुआती बढ़त दिला दी। दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने एक और गोल कर भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा यहीं नहीं रुका, तीसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने अपना दूसरा और टीम के लिए तीसरा गोल किया। खेल के चौथे और अंतिम क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 4-0 कर दी। दक्षिण कोरिया की ओर से एकमात्र गोल सोन डाएन ने किया।
इस ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, यह भारतीय हॉकी और भारतीय खेल के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है। हमारे खिलाड़ी और भी ऊंचाइयों को छूते रहें और देश का नाम रोशन करते रहें, यही कामना है।
View this post on Instagram


Hockey Asia Cup 2025










