You are currently viewing गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के आखिरी गवाह का अंत, कार में बैठे गोपी के सीने में उतारीं गोलियां; इस गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी

गैंगस्टर सुक्खा काहलवां के आखिरी गवाह का अंत, कार में बैठे गोपी के सीने में उतारीं गोलियां; इस गैंग ने ली हत्या की जिम्मेदारी

कपूरथला: पंजाब के कपूरथला में शुक्रवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। ढिलवां क्षेत्र में जीटी रोड पर अपनी कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे एक युवक की ताबड़तोड़ फायरिंग कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने कार के फ्रंट शीशे से इतनी गोलियां बरसाईं कि युवक को संभलने या भागने तक का मौका नहीं मिला और वह सीट पर ही लुढ़क गया। मृतक की पहचान गांव जैरामपुर निवासी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी के रूप में हुई है, जो कुख्यात गैंगस्टर सुक्खा काहलवां का बेहद करीबी माना जाता था।

सुक्खा काहलवां मर्डर केस का था अंतिम चश्मदीद गवाह

मारे गए गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी की पृष्ठभूमि भी गैंगस्टरों से जुड़ी रही है। सबसे अहम बात यह है कि वह गैंगस्टर सुक्खा काहलवां मर्डर केस में पुलिस का अंतिम चश्मदीद गवाह था। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में इससे पहले के सभी गवाह अपने बयानों से मुकर चुके थे, लेकिन गोपी अपने स्टैंड पर कायम था। बताया जा रहा है कि वह काहलवां का राइट हैंड था और उसी अदावत के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

एवन पैलेस के पास दिया खौफनाक वारदात को अंजाम

यह रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात कपूरथला के एवन पैलेस के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, गुरप्रीत अपनी कार में बैठा था, तभी अचानक आए हमलावरों ने सामने से कार के शीशे को निशाना बनाते हुए करीब 5 से 7 राउंड फायरिंग कर दी। शीशे को चीरती हुई गोलियां सीधे गोपी के सीने में जा लगीं, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना ढिलवां पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तड़के करीब 3:45 बजे शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला की मोर्चरी में रखवा दिया।

सोशल मीडिया पर डोनी बल ने ली जिम्मेदारी, दी बड़ी चेतावनी

इस हत्याकांड के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर डोनी बल नाम के अकाउंट से एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें इस मर्डर की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में डोनी बल के साथ मोहब्बत रंधावा, अमर खाबे, प्रभ दस्सुवाल, बिल्ला मंगा और शगनप्रीत का नाम लिखा गया है। हमलावरों ने पोस्ट में दावा किया है कि गोपी उनके विरोधी जग्गू और लॉरेंस गैंग से जुड़ा था और उसने सिद्धू मूसेवाला की मौत पर खुशी मनाई थी। साथ ही उस पर गैंगस्टर विक्की गौंडर के खिलाफ बोलने और उनके भाइयों के कातिलों को पनाह देने का भी आरोप लगाया गया है। पोस्ट में विरोधियों को खुली चेतावनी देते हुए ‘वेट एंड वॉच… 31 और बचे हैं’ जैसी धमकी भी दी गई है।

पुलिस ने बनाई टीमें, मृतक गोपी पर भी दर्ज थे कई मामले

कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि देर रात पुलिस को फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद घायल अवस्था में युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसने दम तोड़ दिया। एसएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि मृतक गुरप्रीत सिंह गोपी का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ अवैध हथियार, डकैती और एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मामले पहले से दर्ज थे। पुलिस फिलहाल वायरल पोस्ट और पुरानी रंजिश सहित सभी एंगल्स से मामले की गहन जांच कर रही है।

The End of the Last Witness to Gangster Sukha Kahlwan: Bullets Pumped into Gopi’s Chest While He Sat in a Car