जालंधर: शहर के बडाला रोड पर अपराध का एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी सन्न रह जाएंगे। यहां बेखौफ बदमाशों ने न सिर्फ एक बुजुर्ग महिला दुकानदार से सरेआम मोबाइल छीना, बल्कि जब महिला ने लुटेरे को पहचान कर उसका नाम पुकारा, तो आरोपी ने बड़ी ही बेरहमी से उनके चेहरे पर मुक्का जड़ दिया और वहां से फरार हो गया। इस खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके के लोगों की नींद उड़ा दी है।
रात के अंधेरे में रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना रात करीब 10 बजकर 11 मिनट की है। पीड़िता मनजीत कौर अपने घर के बाहर बनी करियाने की दुकान बंद करके अंदर जाने की तैयारी ही कर रही थीं कि तभी एक बिना नंबर प्लेट की हरे रंग की मोटरसाइकिल पर दो बदमाश वहां आ धमके। इससे पहले कि बुजुर्ग महिला कुछ समझ पातीं, बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारा और उनके हाथ से वीवो कंपनी का फोन छीन लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने से पहले दुकान के बाहर दो-तीन चक्कर लगाकर बाकायदा रेकी कर चुका था।
पहचान उजागर होने पर बौखलाया लुटेरा ‘जट्टू’
इस लूटपाट में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब मनजीत कौर ने लुटेरे को पहचान लिया। पीड़िता के अनुसार, लुटेरा कोई और नहीं बल्कि पास के ही तिलक नगर का रहने वाला ‘जट्टू’ था। जब महिला ने चिल्लाकर कहा, ‘जट्टू, मेरा फोन दे जा, मैं पहले ही परेशान हूं’, तो अपनी पहचान उजागर होने के डर और गुस्से में बौखलाए आरोपी ने बुजुर्ग महिला के चेहरे पर जोरदार मुक्का दे मारा। मुक्का मारने के बाद वह मोटरसाइकिल पर बैठकर मुख्य हाईवे (बटाला चौक) की ओर तेजी से भाग निकला।
लुटेरे बेटे को परिजनों का खुला संरक्षण
पीड़िता मनजीत कौर के खुलासे ने पुलिस और स्थानीय लोगों को और भी ज्यादा चौंका दिया है। जट्टू इलाके का नामी चोर है, जिसने पहले भी इसी महिला के घर से दो गैस सिलेंडर चोरी किए थे, जिसमें से एक आज तक नहीं मिला। सबसे ज्यादा हैरानी की बात तो यह है कि जब पीड़िता इस शर्मनाक हरकत की शिकायत लेकर आरोपी के घर पहुंची, तो उसके परिवार वालों ने शर्मिंदा होने के बजाय महिला के साथ ही दुर्व्यवहार शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का भाई विदेश से आया है, फिर भी वह इस तरह की लूटपाट करता है और उसकी मां उसे सुधारने के बजाय उसकी इन हरकतों का खुला समर्थन करती है।
दहशत में स्थानीय लोग, पुलिस जांच में जुटी
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से पीड़िता और स्थानीय लोग भारी खौफ में हैं। मनजीत कौर ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और कहा कि अब वह अपने ही घर के बाहर भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। फिलहाल, पीड़िता ने इस पूरे मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस थाने में दे दी है। पुलिस अब इस बेखौफ लुटेरे की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है और मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस बदमाश को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।

“Jattu, hand over my phone…”—The moment she uttered his name, he landed a punch squarely








