पुणे: एक तरफ जहां 1 मई को पूरे राज्य में महाराष्ट्र दिवस का जश्न मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर पुणे से एक ऐसी झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। पुणे के भोर तालुका में एक 65 साल के दरिंदे ने 4 साल की मासूम बच्ची के साथ न सिर्फ दुष्कर्म किया, बल्कि बेहद बेरहमी से उसकी हत्या भी कर दी। इस घिनौनी घटना के बाद पूरे इलाके में उबाल है और आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर इंसाफ की गुहार लगाई है।
बहला-फुसलाकर तबेले में ले गया और पार की हैवानियत की हदें
यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना भोर तालुका के नसरापुर गांव की है। मिली जानकारी के अनुसार, घर के बाहर खेल रही चार साल की मासूम बच्ची को 65 साल का यह बुजुर्ग बहला-फुसलाकर पास के ही एक तबेले में ले गया। वहां इस हैवान ने मासूम के साथ दुष्कर्म की खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद अपनी पहचान छिपाने और पकड़े जाने के डर से उसने बच्ची को पत्थर से कुचलकर बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। दरिंदगी की इंतहा यहीं नहीं रुकी, सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी ने बच्ची के शव को गोबर के ढेर के नीचे छिपा दिया।
सीसीटीवी फुटेज से खुला मासूम की हत्या का खौफनाक राज
दोपहर के वक्त जब बच्ची काफी देर तक घर के आसपास नजर नहीं आई, तो घबराए परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। हर जगह ढूंढने के बाद आखिरकार उसका शव तबेले में गोबर के ढेर के नीचे से बरामद हुआ। इस घटना की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। जब पुलिस और परिजनों ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें वह 65 वर्षीय आरोपी उस मासूम बच्ची को अपने साथ तबेले की ओर ले जाता हुआ साफ दिखाई दिया। इसी अहम सुराग के आधार पर इस जघन्य अपराध से पर्दा उठ सका।
थाने के बाहर शव रखकर प्रदर्शन, आरोपी को फांसी देने की मांग
इस दिल दहला देने वाली घटना की खबर जैसे ही गांव में फैली, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर ‘रास्ता रोको’ आंदोलन शुरू कर दिया। देखते ही देखते भारी भीड़ मासूम का शव लेकर पुलिस स्टेशन पहुंच गई और थाने का घेराव कर लिया। ग्रामीणों की सीधी मांग थी कि इस दरिंदे को उनके हवाले किया जाए। लोगों ने साफ कह दिया है कि जब तक इस हैवान को फांसी की सजा नहीं सुनिश्चित की जाती, वे वहां से पीछे नहीं हटेंगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इलाके में फिलहाल भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।

A Heart-Shuddering Crime in Pune: The Sheer Brutality of a 65-Year-Old Man Will Send Shivers Down Your Spine.








