लुधियाना: महानगर के थाना लाडोवाल के अंतर्गत आते गांव बग्गा कलां में बुधवार की सुबह उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने पति की दूसरी शादी से खफा होकर 220 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला करीब 8 घंटे तक आसमान छूते टावर पर बैठी रही, जिसे देखकर नीचे खड़े परिजनों और पुलिस प्रशासन की सांसें हलक में अटकी रहीं। महिला अपनी जिद पर अड़ी थी कि जब तक उसके पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होती और उसे मौके पर नहीं लाया जाता, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।
बिना तलाक दिए पति ने रचाई दूसरी शादी, एक ही घर में रखा
टावर पर चढ़ने वाली इस परेशान महिला की पहचान गमगमी देवी के रूप में हुई है। पीड़िता का सीधा आरोप है कि उसके पति पलटू मंडल (जो पेशे से ड्राइवर है) ने उसे बिना तलाक दिए सोना देवी नाम की एक अन्य महिला से गुपचुप तरीके से दूसरी शादी कर ली है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी पति अपनी दोनों पत्नियों को एक ही घर के अलग-अलग कमरों में रख रहा था। गमगमी देवी ने बताया कि सोना देवी का पहला पति राकेश कुमार एक डेयरी में काम करता है और वह करीब एक साल पहले अपने परिवार को छोड़कर पलटू के साथ आ गई थी।
सौतन का विरोध करने पर पति ने की बेरहमी से मारपीट
जब गमगमी देवी ने अपने पति की इस करतूत का कड़ा विरोध किया और सौतन के साथ एक ही छत के नीचे रहने से साफ इनकार कर दिया, तो पति पलटू मंडल ने उसके साथ जमकर मारपीट की। पति के इसी जुल्म और शिकायत के बावजूद पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई न होने से हताश होकर गमगमी देवी ने यह खौफनाक कदम उठाया। सुबह करीब 7 बजे ही वह टावर पर चढ़ गई और ऊपर से चिल्लाने लगी कि पहले उसके पति को गिरफ्तार करके मौके पर लाया जाए।
पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार, तब जाकर उतरी महिला
इतनी ऊंचाई पर महिला को देखकर पूरे गांव में दहशत फैल गई और तुरंत लाडोवाल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर भारी पुलिस बल पहुंचा और महिला को नीचे उतारने के लिए कड़ी मशक्कत शुरू की। घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने महिला को ठोस कार्रवाई का भरोसा दिया। आखिरकार दोपहर करीब 2:50 बजे महिला को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका। मामले की जांच कर रहे थानेदार मेजर सिंह ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और आरोपी पति पलटू मंडल को काबू कर हिरासत में ले लिया गया है, जिसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


High-voltage drama in Punjab: First wife climbs 220-foot-high tower after husband








