You are currently viewing लाखों की हर्बल क्रीम ने दिया धोखा, महिला के शरीर पर उभरीं सांप जैसी लकीरें; डॉक्टर ने किया खतरनाक खुलासा

लाखों की हर्बल क्रीम ने दिया धोखा, महिला के शरीर पर उभरीं सांप जैसी लकीरें; डॉक्टर ने किया खतरनाक खुलासा

बीजिंग: चीन के जिआंगसु प्रांत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जो ‘प्योर ट्रेडिशनल’ या ‘हर्बल’ क्रीम के नाम पर चल रहे धोखे को उजागर करता है। 40 वर्षीय टिंगटिंग नाम की एक महिला को पिछले महीने नानजिंग के झोंगडा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जब उनके पूरे शरीर पर लाल-बैंगनी, सांप जैसी लकीरें फैल गईं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, टिंगटिंग ने डॉक्टरों को बताया कि वह पिछले 10 सालों से एक ‘प्योर ट्रेडिशनल चाइनीज मेडिसिन’ क्रीम का इस्तेमाल कर रही थीं और इस दौरान उन्होंने कभी किसी डॉक्टर से सलाह नहीं ली।

लगभग दस साल पहले, टिंगटिंग के पैर में लाल धब्बों के साथ खुजली शुरू हुई थी। शुरुआत में इसे मामूली समझकर नजरअंदाज किया गया, लेकिन खुजली बढ़ती गई और दाने पूरे शरीर में फैलने लगे। राहत पाने के लिए टिंगटिंग ने डॉक्टर के पास जाने के बजाय इंटरनेट का सहारा लिया।

उन्होंने ऑनलाइन एक ऐसी क्रीम खोज निकाली, जिसके विज्ञापन में यह दावा किया गया था कि यह त्वचा की सभी बीमारियों (स्किन डिज़ीज) का पक्का इलाज है।

विज्ञापन देखकर टिंगटिंग को लगा कि उन्हें सही इलाज मिल गया है। क्रीम इस्तेमाल करने के पहले कुछ महीनों में उन्हें जबरदस्त राहत महसूस हुई। इससे उनका विश्वास पक्का हो गया कि दवा बेहद असरदार है। लेकिन धीरे-धीरे, उनका शरीर इस क्रीम पर पूरी तरह निर्भर हो गया।

टिंगटिंग ने इस ‘चमत्कारी’ क्रीम पर करीब 1 लाख युआन (लगभग 14,000 अमेरिकी डॉलर या 11.5 लाख रुपये से अधिक) खर्च कर दिए।

बीते कुछ महीनों में टिंगटिंग की हालत अचानक बिगड़ने लगी। उनके शरीर पर सांप जैसी लाल-बैंगनी दरारें उभर आईं, पैरों में सूजन आ गई और उन्हें बार-बार उल्टी, जी मचलाना और हाथों में सुन्नपन जैसी गंभीर समस्याएं होने लगीं।

हालत बिगड़ने पर जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टरों ने जांच की। जांच में पाया गया कि उनका कर्टिसोल लेवल खतरनाक रूप से कम हो गया है और उन्हें एड्रेनल ग्लैंड फेल्योर जैसी गंभीर स्थिति हो गई है।

अस्पताल के प्रमुख त्वचा विशेषज्ञ वांग फेई ने जो खुलासा किया, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला था। उन्होंने बताया कि जिस क्रीम को टिंगटिंग ‘प्योर हर्बल’ समझकर 10 साल से इस्तेमाल कर रही थीं, वह असल में स्टेरॉयड से भरी हुई थी।

डॉ. फेई ने चेतावनी दी कि लंबे समय तक स्टेरॉयड का इस्तेमाल करने पर यह शरीर में जमा हो जाता है, जिससे हार्मोन असंतुलन और त्वचा पर निर्भरता पैदा होती है। उन्होंने कहा कि ऐसी हर्बल या प्योर मेडिसिन क्रीम अक्सर झूठे दावे करती हैं और उनके साइड इफेक्ट्स शरीर को स्थायी नुकसान पहुंचा सकते हैं।

यह खबर सामने आने के बाद चीनी सोशल मीडिया पर नेटिजन्स का गुस्सा फूट पड़ा। एक यूजर ने लिखा, “10 साल तक खुद का इलाज करती रहीं, वह डॉक्टर के पास क्यों नहीं गईं?” वहीं एक अन्य ने टिप्पणी की, “ऐसे व्यापारी बहुत खतरनाक हैं, जो लोगों की सेहत से खिलवाड़ कर उनकी हालत खराब कर देते हैं।”

फिलहाल अस्पताल में टिंगटिंग का इलाज जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। लेकिन यह घटना उन सभी लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है, जो हर ‘नेचुरल’ या ‘हर्बल’ चीज को सुरक्षित मानकर बिना डॉक्टरी सलाह के इस्तेमाल करने लगते हैं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Herbal cream worth lakhs of rupees cheated