You are currently viewing दिल दहला देने वाला हादसा: CNG टैंक फटने से कार बनी आग का गोला, कॉन्स्टेबल का पूरा परिवार खत्म, पत्नी-बच्चे समेत 5 लोग जिंदा जले

दिल दहला देने वाला हादसा: CNG टैंक फटने से कार बनी आग का गोला, कॉन्स्टेबल का पूरा परिवार खत्म, पत्नी-बच्चे समेत 5 लोग जिंदा जले

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से गुजरने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बीती शाम हुए एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से पुलिस कांस्टेबल जावेद अशरफ का हंसता-खेलता परिवार पल भर में खत्म हो गया। यह हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही कार का सीएनजी टैंक फट गया और गाड़ी आग का गोला बन गई। इस भयावह दुर्घटना में कार के भीतर फंसीं दो महिलाओं और तीन मासूम बच्चों समेत कुल पांच लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, आजमगढ़ में तैनात पुलिस कांस्टेबल जावेद का परिवार मऊ से लखनऊ की यात्रा कर रहा था। वे सभी एक वैगन-आर कार में सवार थे। तभी पीछे से आ रही दिल्ली नंबर की एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैगन-आर का सीएनजी टैंक फट गया और देखते ही देखते पूरी कार लपटों में घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार के भीतर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और वे अंदर ही फंस गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के अंदर फंसे लोग जान बचाने के लिए छटपटाते रहे, लेकिन शायद सेंट्रल लॉक जाम होने या आग की लपटों की तीव्रता के कारण दरवाजा नहीं खुल सका। स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और पांचों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। मृतकों की पहचान कांस्टेबल जावेद की पत्नी गुलिश्ता (49), बेटी समरीन (22) और तीन बच्चों इलमा खान (12), इश्मा खान (6) और जियान (10) के रूप में हुई है। इस दुखद खबर ने कांस्टेबल जावेद की दुनिया उजाड़ दी है।

हादसे में कार चला रहे जीशान (पुत्र गफ्फार) गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें नाजुक हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए पांच मौतों की पुष्टि की है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा ब्रेजा चालक की लापरवाही से हुआ या उसे नींद की झपकी आ गई थी, लेकिन एक्सप्रेसवे पर दिखे इस भयावह मंज़र ने हर देखने वाले की रूह कंपा दी है।

Heart-wrenching tragedy: A car turned into a ball of fire after its CNG tank exploded, wiping out a constable’s entire family