You are currently viewing पता पूछने के बहाने आया और छीन लिया मोबाइल, दिलेर महिला ने कॉलर पकड़ा तो 200 मीटर तक सड़क पर घसीटा… देखें CCTV फुटेज

पता पूछने के बहाने आया और छीन लिया मोबाइल, दिलेर महिला ने कॉलर पकड़ा तो 200 मीटर तक सड़क पर घसीटा… देखें CCTV फुटेज

लुधियाना: लुधियाना में अब महिलाएं अपने ही घरों के बाहर सुरक्षित नहीं रह गई हैं। शहर के कीर्ति नगर (मोती नगर थाना क्षेत्र) से एक बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां घर के बाहर बैठकर फोन पर बात कर रही एक महिला को बाइक सवार झपटमारों ने अपना शिकार बना लिया। इस दुस्साहसिक वारदात का खौफनाक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कैसे बेखौफ लुटेरे मोबाइल छीनने के बाद दिलेर महिला को सड़क पर काफी दूर तक घसीटते हुए ले जाते हैं।

पता पूछने के बहाने बातों में उलझाया और मार लिया झपट्टा

पीड़ित महिला सुशीला ने बताया कि वह अपने घर के बाहर शांति से बैठकर अपने पति से फोन पर बात कर रही थीं। इसी बीच एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और अशोक नाम के किसी शख्स का पता पूछने लगा। वह व्यक्ति पता पूछने के बहाने महिला को अपनी बातों में उलझाने लगा ताकि उनका ध्यान भटक जाए। सुशीला को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वह शख्स किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आया है। जैसे ही सुशीला का ध्यान थोड़ा सा भटका, उस शातिर व्यक्ति ने अचानक झपट्टा मारा और हाथ से मोबाइल छीन लिया।

महिला ने नहीं छोड़ी हिम्मत, 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही

मोबाइल छिनते ही सुशीला घबराई नहीं बल्कि अदम्य साहस दिखाते हुए भाग रहे स्नेचर का कॉलर मजबूती से पकड़ लिया। खुद को छुड़ाने के लिए आरोपी पास ही खड़े अपने दो बाइक सवार साथियों की तरफ भागा और चलती बाइक पर बैठ गया। इसके बावजूद सुशीला ने लुटेरे का कॉलर नहीं छोड़ा और उसे पकड़ने की कोशिश में बाइक के साथ-साथ दौड़ने लगी। बेखौफ स्नेचरों ने पकड़े जाने के डर से बाइक रोकने की बजाय उसकी रफ्तार और तेज कर दी, जिसके कारण सुशीला करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। आखिरकार तेज रफ्तार के कारण महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

दो महीने पहले खरीदा था नया फोन, अब पुलिस कर रही तलाश

रोते हुए पीड़ित सुशीला ने बताया कि उसने बड़े ही चाव से महज दो महीने पहले ही यह नया फोन खरीदा था। इस दर्दनाक घटना में मोबाइल तो चोरी हुआ ही, साथ ही सड़क पर घिसटने के कारण महिला को शरीर पर काफी चोटें भी आई हैं। वारदात के दौरान शोर सुनकर पीड़िता का परिवार भी पीछे भागता नजर आया, जो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही मोती नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

He approached under the pretext of asking for directions and snatched her mobile phone