लुधियाना: लुधियाना के जगराओं स्थित एक निजी स्कूल में मंगलवार को अचानक गोली चलने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आला पुलिस अधिकारियों के साथ सीआईए (CIA) स्टाफ की टीम फौरन मौके पर पहुंची और पूरे स्कूल परिसर को अपने कब्जे में लेकर सघन जांच शुरू कर दी। इस घटना में सिधवां बेट इलाके के रहने वाले एक छात्र के घायल होने की पुष्टि हुई है।
अस्पताल में नाम-पता पूछते ही छात्र को लेकर भागे साथी
घटना के बाद मामला तब और भी ज्यादा संदिग्ध हो गया, जब घायल छात्र को रायकोट रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जब इलाज शुरू करने से पहले औपचारिकता के लिए छात्र का नाम और पता पूछा, तो उसके साथ आए लोग घबरा गए और उसे बिना इलाज कराए ही किसी अज्ञात जगह पर लेकर फरार हो गए। इस अजीबोगरीब वाकये के बाद पुलिस ने तुरंत स्कूल पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से कड़ाई से पूछताछ की।
स्कूल प्रबंधन की सफाई, एयरगन ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही आपसी विवाद और गुटबाजी की अफवाहों के बीच स्कूल प्रबंधन ने सामने आकर अपनी सफाई पेश की है। स्कूल के प्रबंधक शिफू अग्रवाल ने दावा किया कि स्कूल में बच्चों को एयरगन शूटिंग की ट्रेनिंग दी जा रही थी। इसी ट्रेनिंग के दौरान जब एक बच्चा अपनी एयरगन नीचे रखने लगा, तो गलती से ट्रिगर दब गया और फायर हो गया। इससे निकला छर्रा (पेलेट) पास ही खड़े दूसरे बच्चे के पैर में जा लगा। स्कूल प्रबंधन ने दावा किया कि घायल छात्र के परिजनों को तुरंत सूचित कर दिया गया था और वे खुद उसे इलाज के लिए लेकर गए हैं।
‘दो छर्रों’ के रहस्य ने पुलिस की जांच में डाला पेच
इस पूरी घटना में सबसे बड़ा पेच ‘दो छर्रों’ की थ्योरी का है। स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि बच्चों के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई थी, जिसके बाद जानबूझकर फायर किया गया। चर्चा है कि घायल छात्र को एक नहीं, बल्कि दो छर्रे लगे हैं। हथियारों के जानकारों की मानें तो एक सामान्य एयरगन में एक बार में केवल एक ही पेलेट लोड होता है। ऐसे में अगर छात्र को दो छर्रे लगे हैं, तो यह सीधे तौर पर किसी बड़ी लापरवाही या सुनियोजित हमले की ओर इशारा करता है।
एसएचओ ने बताया महज एक हादसा
फिलहाल पुलिस हर एक एंगल को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले सुबूतों, चश्मदीदों के बयानों और घायल छात्र की मेडिकल रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी। वहीं, एसएचओ सिटी परमिंदर सिंह ने इस पूरे मामले पर बयान देते हुए इसे महज एक एक्सीडेंट करार दिया है। उन्होंने कहा कि एयर गन से निकले छर्रे बच्चे को लगे जरूर हैं, लेकिन वह अब पूरी तरह ठीक है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पूरी जानकारी के बिना सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें न फैलाएं।


Gunshot fired at a private school; injured student mysteriously disappears from the hospital




