नई दिल्ली: बाबा बर्फानी के दर्शनों का बेसब्री से इंतजार कर रहे लाखों शिव भक्तों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। श्री बाबा अमरनाथ जी की पवित्र यात्रा के लिए आधिकारिक तौर पर तारीखों की घोषणा कर दी गई है। इस साल यह पावन यात्रा पूरे 57 दिनों तक चलेगी, जिसका शुभारंभ 3 जुलाई से होगा और समापन 28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर किया जाएगा। वहीं, यात्रा की शुरुआत से पहले होने वाली पारंपरिक प्रथम पूजा ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन यानी 29 जून को विधिवत रूप से संपन्न होगी।
कल से शुरू हो रही है एडवांस बुकिंग, जानें कैसे करें आवेदन
अगर आप भी इस साल बाबा बर्फानी के दरबार में हाजिरी लगाने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि यात्रा के लिए एडवांस रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया कल (15 अप्रैल) से शुरू होने जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण की व्यवस्था ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से की गई है। जो भक्त ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना चाहते हैं, वे देशभर में मौजूद जम्मू-कश्मीर बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक की निर्धारित शाखाओं में जाकर अपनी बुकिंग करवा सकते हैं।
मेडिकल सर्टिफिकेट है अनिवार्य, पंजाब के श्रद्धालु भी इन बैंकों में करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन
पंजाब के शिव भक्त भी अपने शहरों में स्थित इन्हीं अधिकृत बैंकों की शाखाओं में जाकर आसानी से अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। हालांकि, पंजीकरण फॉर्म भरने से पहले प्रशासन द्वारा तय किए गए एक बेहद महत्वपूर्ण नियम का पालन करना अनिवार्य है। यात्रा पर जाने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को अपना रजिस्ट्रेशन करवाने से पहले किसी अधिकृत डॉक्टर से मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट बनवाना होगा, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वे इस कठिन पहाड़ी यात्रा के लिए शारीरिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ हैं।

Great News for Shiva Devotees: Dates for the 2026 Amarnath Yatra Announced








