फ़िरोज़पुर: उत्तर रेलवे के फ़िरोज़पुर मंडल ने साल 2026 में राधा स्वामी सत्संग (निर्धारित सत्संग के दिनों) के अवसर पर श्रद्धालुओं को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने ब्यास से फ़िरोज़पुर कैंट रेलवे स्टेशन के लिए एक विशेष अनारक्षित (एक तरफा) ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इस सुविधा से डेरा ब्यास जाने वाले हजारों यात्रियों और श्रद्धालुओं को सफर में काफी आसानी होगी।
कुल 18 फेरे लगाएगी यह स्पेशल ट्रेन
इस संबंध में फ़िरोज़पुर के सीनियर मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन नंबर 04612 फरवरी 2026 से लेकर दिसंबर 2026 तक कुल 18 फेरे लगाएगी। यह विशेष ट्रेन सत्संग वाले दिनों के दौरान हर रविवार को ब्यास से फ़िरोज़पुर कैंट के लिए चलाई जाएगी। रेलवे की ओर से जारी शेड्यूल के मुताबिक, इस ट्रेन का संचालन फरवरी में 15 और 22 तारीख, मार्च में 15, 22 और 29 तारीख, अप्रैल में 26 तारीख, मई में 3 और 10 तारीख, जून में 21 तारीख, सितंबर में 6, 13 और 20 तारीख, नवंबर में 1, 8 और 15 तारीख तथा दिसंबर महीने में 13, 20 और 27 तारीख को किया जाएगा।
यह रहेगा ट्रेन का समय और प्रमुख स्टॉपेज
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन नंबर 04612 ब्यास रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:40 बजे रवाना होगी और उसी दिन शाम 5:25 बजे (17:25 बजे) फ़िरोज़पुर कैंट पहुंचेगी। अपने सफर के दौरान यह विशेष ट्रेन रास्ते के कई अहम स्टेशनों से होकर गुजरेगी। यह ट्रेन ढिल्लवां, हमीरा, करतारपुर, सूरा नुस्सी, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट, फगवाड़ा, फिल्लौर, लुधियाना, जगराओं, मोगा और तलवंडी भाई रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे अलग-अलग शहरों के लोग भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

Good news for devotees attending Radha Soami Satsang




