
नई दिल्ली: भारतीय सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों ने एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित किया है, वहीं चांदी के भाव में मामूली नरमी देखी गई है। घरेलू वायदा बाजार (MCX) से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक, सोने की चमक लगातार बढ़ती जा रही है और यह हर दिन नए रिकॉर्ड बना रहा है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज, 3 सितंबर 2025 को सुबह 10 बजे के आंकड़ों के अनुसार, सोने की कीमत में ₹280 प्रति 10 ग्राम का उछाल देखा गया। इस तेजी के साथ सोने का भाव ₹1,06,072 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोने ने ₹1,05,925 का निचला स्तर और ₹1,06,199 प्रति 10 ग्राम का उच्चतम स्तर छुआ।

सोने के विपरीत, चांदी की कीमतों में आज मामूली गिरावट दर्ज की गई। MCX पर सुबह 10 बजे चांदी का भाव ₹19 की मामूली गिरावट के साथ ₹1,22,622 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था। दिन के कारोबार में चांदी ने अब तक ₹1,22,600 का निचला और ₹1,22,800 का ऊपरी स्तर बनाया है।
घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने नया रिकॉर्ड बनाया है। कॉमेक्स (Comex) पर पहली बार सोने की कीमत $3600 प्रति औंस के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गई है, जो वैश्विक स्तर पर निवेशकों के मजबूत रुझान को दर्शाता है।
View this post on Instagram


Gold prices on fire










