
नई दिल्ली: ग्लोबल मार्केट में बुधवार को भी सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। मंगलवार को सोने की कीमतों में 5 प्रतिशत से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई थी, जो अगस्त 2020 के बाद 5 साल की अवधि में सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट थी।
बुधवार को हाजिर सोना 0.4% गिरकर 4,109.19 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। यह गिरावट इसलिए भी अहम है क्योंकि सोमवार को ही हाजिर सोने ने 4,381.21 डॉलर प्रति औंस का अपना लाइफटाइम हाई (सर्वकालिक उच्च स्तर) छुआ था। अब सोना अपने लाइफटाइम हाई से 6% से ज्यादा की गिरावट के साथ 4109.19 डॉलर प्रति औंस पर आ गया है। इस ग्लोबल मंदी के चलते आज घरेलू सर्राफा बाजार में भी भारी बिकवाली की संभावनाएं हैं, जिससे सोने के स्थानीय भाव में भी बड़ी गिरावट देखी जा सकती है।

घरेलू बाजार में सोने की कीमतें ₹132,294 प्रति 10 ग्राम के अपने लाइफटाइम हाई से 4294 रुपये यानी 3 प्रतिशत से भी ज्यादा की गिरावट के साथ ₹128,000 प्रति 10 ग्राम पर आ गई हैं।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सोने की कीमतों में यह ताजा गिरावट रिकॉर्ड तेजी के बीच निवेशकों द्वारा की गई मुनाफावसूली के बाद आई है। इस साल सोने ने निवेशकों को मालामाल किया है और लगभग 60% का जबरदस्त रिटर्न दिया है, जो ज्यादातर प्रमुख परिसंपत्ति वर्गों से बहुत ज्यादा है।
इसके अलावा, अमेरिका और चीन के बीच व्यापार संबंधों में सुधार के संकेत और भारत व अमेरिका के बीच व्यापार वार्ता में संभावित सकारात्मक परिणाम से भी कीमतों पर दबाव बढ़ा है, जिससे निवेशक सोने से पैसा निकालकर सुरक्षित निवेश कर रहे हैं।
View this post on Instagram


Gold plummets from record highs








