लुधियाना: लुधियाना में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार सुबह सराभा नगर रोड स्थित गुरु नानक पब्लिक स्कूल के पास बाइक सवार दो शातिर बदमाशों ने जिम पहुंची एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के दौरान महिला की गर्दन पर गहरे जख्म आए हैं। जब महिला ने शोर मचाते हुए पीछा किया, तो रास्ते में एक युवक लुटेरों को पकड़ने के लिए आगे बढ़ा, जिस पर बदमाशों ने तेजधार दातर से जानलेवा हमला कर दिया। इस छीना-झपटी और भागदौड़ के बीच बदमाशों की जेब से दो जिंदा कारतूस भी सड़क पर गिर गए, जिससे इलाके में भारी दहशत फैल गई है।
जिम की पार्किंग में खड़ी कर रही थीं एक्टिवा, पीछे से आए झपटमार
किचलू नगर निवासी पीड़िता अमनप्रीत कौर ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 8:15 बजे सराभा नगर रोड स्थित जिम पहुंची थीं। वह अपनी एक्टिवा को पार्किंग में लगा ही रही थीं कि अचानक पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। छीना-झपटी में चेन टूट गई, जिसका आधा हिस्सा बदमाश छीनकर भागने में कामयाब रहे, जबकि आधा हिस्सा महिला के हाथ में ही रह गया। चेन झपटने के दौरान अमनप्रीत की गर्दन पर गंभीर खरोंचें और चोट के निशान आए हैं।
शोर मचाकर पीछा करने पर महिला गिरी, बचाने आए युवक पर दातर से वार
वारदात होते ही अमनप्रीत ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और बदमाशों के पीछे दौड़ पड़ीं। रास्ते में काम कर रहे सफाई कर्मचारियों ने भी बाइक रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश उन्हें जोरदार धक्का देकर आगे निकल गए। इसी हड़बड़ाहट में अमनप्रीत सड़क पर गिरकर चोटिल हो गईं। पास ही कैफे के बाहर बैठे गुरदीप सिंह नामक युवक ने जब महिला का शोर सुना, तो वह जांबाजी दिखाते हुए लुटेरों को दबोचने के लिए लपका। खुद को घिरता देख लुटेरों ने गुरदीप पर तेजधार दातर से हमला कर दिया। दातर लगने से गुरदीप का हाथ गंभीर रूप से कट गया और खून बहने लगा, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
घटनास्थल से 2 जिंदा कारतूस बरामद, हथियार होने की आशंका
भागमभाग के दौरान बाइक सवार लुटेरों की जेब से दो जिंदा कारतूस सड़क पर गिर गए। सूचना मिलने के बाद सराभा नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों कारतूसों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि बदमाशों के पास कौन सा अवैध हथियार था और वे किस बड़े अपराध की योजना बनाकर घूम रहे थे।
इधर, पीड़िता ने आरोप लगाया कि वारदात के करीब एक घंटे तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। हालांकि, मौके पर पहुंचे एएसआई परमानंद ने इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि 112 कंट्रोल रूम पर सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची थी।
सीसीटीवी फुटेज कब्जे में, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस
जांच अधिकारी एएसआई परमानंद ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। फुटेज के आधार पर बाइक के नंबर और दोनों लुटेरों के हुलिए की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घायल युवक और पीड़िता के बयानों के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और नाकाबंदी कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।


Gold chain snatched from a woman outside a gym; youth attacked with a sickle while chasing the snatcher




