नई दिल्ली: केंद्रीय बजट 2026 पेश होने से ऐन पहले सर्राफा बाजार में भूचाल आ गया है। दोनों कीमती धातुओं, सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है और ये अपने रिकॉर्ड हाई लेवल से नीचे फिसल गई हैं। 1 फरवरी को सुबह 9 बजकर 52 मिनट पर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भारी बिकवाली का दबाव देखा गया। अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 5.94 प्रतिशत की जोरदार गिरावट के साथ 1,43,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया। वहीं चांदी की चमक और भी ज्यादा फीकी पड़ी है। मार्च डिलीवरी वाली चांदी 9 प्रतिशत की जबरदस्त गिरावट के साथ लुढ़ककर 2,65,652 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।
महानगरों में सोने के भाव में उतार-चढ़ाव
गुडरिटर्न्स वेबसाइट के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 1 फरवरी को देश के प्रमुख महानगरों में सोने के भाव अलग-अलग दर्ज किए गए। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने का भाव 16,073 रुपये प्रति ग्राम है, जबकि 22 कैरेट सोना 14,735 रुपये और 18 कैरेट सोना 12,059 रुपये प्रति ग्राम पर बिक रहा है। वहीं मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु में कीमतें एक समान बनी हुई हैं। इन शहरों में 24 कैरेट सोना 16,058 रुपये, 22 कैरेट 14,720 रुपये और 18 कैरेट 12,044 रुपये प्रति ग्राम मिल रहा है। चेन्नई में सोने के दाम अन्य महानगरों की तुलना में ज्यादा हैं, जहां 24 कैरेट सोना 16,255 रुपये, 22 कैरेट 14,900 रुपये और 18 कैरेट सोना 12,800 रुपये प्रति ग्राम के स्तर पर है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में 8 फीसदी टूटा सोना
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने ने गोता लगाया है। रविवार को बाजार बंद होने के कारण कारोबार नहीं हुआ, लेकिन पिछले सत्र यानी शुक्रवार को भारी मुनाफावसूली के चलते सोना 8 प्रतिशत से अधिक टूटकर करीब 4,900 डॉलर प्रति औंस पर आ गया था। यह गिरावट इसलिए भी हैरान करने वाली थी क्योंकि ठीक एक दिन पहले गुरुवार को सोने ने 5,608 डॉलर प्रति औंस का सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ था। हालांकि, ताजा गिरावट के बावजूद सोने का लॉन्ग-टर्म स्ट्रक्चर मजबूत बना हुआ है। कीमतें लगातार छठे महीने बढ़त की ओर हैं, जिसे 1980 के बाद का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन माना जा रहा है।

Gold and silver prices plummet just before the budget; heavy fall in the futures market; know the latest rates.








