You are currently viewing GF का कर्ज, भाई की धमकी और फिर… जालंधर में 22 साल के युवक ने की खुदकुशी, सामने आया आखिरी कॉल का सच

GF का कर्ज, भाई की धमकी और फिर… जालंधर में 22 साल के युवक ने की खुदकुशी, सामने आया आखिरी कॉल का सच

 

जालंधर: जालंधर के संतोखपुरा इलाके से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 22 वर्षीय युवक ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान करण के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में वाई-फाई लगाने का काम करता था। बुधवार को हुई इस घटना के बाद इलाके में मातम और सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। वहीं, मृतक के परिवार ने इस मौत के पीछे करण की गर्लफ्रेंड और उसके परिवार वालों को जिम्मेदार ठहराते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

गर्लफ्रेंड से लिए थे 60 हजार रुपये उधार

करण की बहन ने बताया कि उसका भाई काफी समय से तनाव में दिख रहा था, लेकिन उसने अपनी परेशानी किसी से साझा नहीं की। बहन के मुताबिक, करण एक लड़की के साथ रिलेशनशिप में था और उसने अपनी गर्लफ्रेंड से 60 हजार रुपये उधार लिए थे। करण ने इनमें से 18 हजार रुपये पहले और 17 हजार रुपये बाद में चुका भी दिए थे। इसके बावजूद, लड़की और उसके परिवार वाले बाकी बचे पैसों के लिए करण को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। करण की बुआ ने आरोप लगाया कि लड़की के परिवार वाले विशेष रूप से 20 हजार रुपये के लिए उस पर भारी दबाव डाल रहे थे, जिससे वह अंदर ही अंदर टूट चुका था।

मौत से पहले आया था फोन

मृतक के परिवार ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि तिलक नगर निवासी लड़की के भाई ने पैसे न लौटाने को लेकर करण के खिलाफ पुलिस में शिकायत भी दर्ज करा दी थी। बुआ के अनुसार, करण के मोबाइल पर फंदा लगाने से ठीक पहले आखिरी कॉल भी लड़की के परिवार के ही किसी सदस्य का आया था। आत्महत्या के बाद जब करण के परिजनों ने लड़की के परिवार वालों से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने फोन उठाना ही बंद कर दिया। इस दुखद घटना के बाद परिवार ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र धरना प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल थाना 8 के पुलिस अधिकारी अनिल ने परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं और कॉल डिटेल्स के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

Girlfriend’s Debt, Brother’s Threats—and Then… 22-Year-Old Commits Suicide in Jalandhar