You are currently viewing गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के पिता की जेल में तबीयत बिगड़ी, निजी अस्पताल में भर्ती; पुलिस छावनी में तब्दील हुआ परिसर

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के पिता की जेल में तबीयत बिगड़ी, निजी अस्पताल में भर्ती; पुलिस छावनी में तब्दील हुआ परिसर

बठिंडा: पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के पिता शमशेर सिंह की बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। जेल में बंद शमशेर सिंह ने देर रात पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उन्हें बठिंडा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी सेहत की निगरानी कर रही है और जरूरी टेस्ट किए जा रहे हैं।

अस्पताल के बाहर कड़ा पहरा, अधिकारी साध रहे चुप्पी

शमशेर सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं। अस्पताल के अंदर और बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो। इस पूरे मामले पर फिलहाल पुलिस के आला अधिकारी और अस्पताल के डॉक्टर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। शमशेर सिंह की हालत अभी कैसी है, इस पर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन सुरक्षा कारणों से अस्पताल परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

फिरौती मामले में 14 फरवरी तक हैं न्यायिक हिरासत में

गौरतलब है कि शमशेर सिंह और उनकी पत्नी 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के एक मामले में नामजद हैं और फिलहाल 14 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में चल रहे हैं। मुक्तसर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ दिन पहले ही शमशेर सिंह और उनकी पत्नी को अमृतसर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से वे जेल में बंद थे। हाई प्रोफाइल मामला होने और गैंगस्टर गोल्डी बराड़ से जुड़े होने के कारण पुलिस शमशेर सिंह की बीमारी और अस्पताल में उनकी मौजूदगी को लेकर बेहद सतर्कता बरत रही है।

Gangster Goldy Brar’s father falls ill in jail, admitted to a private hospital; the premises have been turned into a police stronghold.