You are currently viewing तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, 5 युवकों की दर्दनाक मौत; एयरबैग भी फटे- गाड़ी काटकर निकालने पड़े शव

तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, 5 युवकों की दर्दनाक मौत; एयरबैग भी फटे- गाड़ी काटकर निकालने पड़े शव

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आज सुबह एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां ग्वालियर-झांसी हाइवे पर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा मालवा कॉलेज के सामने रविवार सुबह करीब 6:35 बजे हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी मृतक ग्वालियर के ही निवासी थे और MP07 CG 9006 नंबर की फॉर्च्यूनर कार में सवार थे। वे उत्तर प्रदेश के झांसी में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस ग्वालियर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उनकी कार मालवा कॉलेज के सामने पहुंची, मोड़ पर रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके सामने आ गई।

पुलिस के मुताबिक, कार की रफ्तार बहुत तेज थी, (अनुमानतः 120 किमी/घंटा) जिसके कारण ड्राइवर वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और कार सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुलकर फट गए। हादसे के बाद शव कार और ट्रॉली के बीच बुरी तरह फंस गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने कटर मशीन की मदद से गाड़ी के हिस्सों को काटकर शवों को बाहर निकाला।

सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृत युवकों में से दो की पहचान ग्वालियर के डीडी नगर निवासी प्रिंस और आदित्य के रूप में हुई है। बाकी तीन युवकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार से शराब की खाली बोतलें और खाली डिस्पोजेबल गिलास भी मिले हैं, जिससे नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सुचारु कर दिया गया। 

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Fortuner rammed into a tractor-trolley