जालंधर: जालंधर के फिल्लौर-नूरमहल रोड पर सोमवार सुबह एक खौफनाक सड़क हादसा देखने को मिला। तेज रफ्तार से जा रही एक कार का अचानक टायर फट गया, जिससे वह बेकाबू होकर सीधे सड़क किनारे लगे एक खंभे से जा टकराई। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। गनीमत यह रही कि कार के बंपर को ही नुकसान पहुंचा है, जबकि उसमें सवार ड्राइवर और उसके साथ बैठे व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई और दोनों पूरी तरह सुरक्षित बच गए।
खंभे से टकराने के बाद 100 मीटर तक घिसटती रही कार
हादसे का दृश्य किसी हॉलीवुड फिल्म के एक्शन सीन से कम नहीं था। टायर फटने के बाद बेकाबू हुई कार जैसे ही खंभे से टकराई, उसके टायर का कुछ हिस्सा निकलकर सड़क के किनारे जा गिरा। इसके बाद कार बुरी तरह से टेढ़ी हो गई और लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घिसटते हुए बीचों-बीच आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार पलटते-पलटते बची। जैसे ही कार रुकी, घबराया हुआ ड्राइवर तुरंत सुरक्षित बाहर निकल आया।
सुबह का वक्त होने से टला बड़ा हादसा
यह भयानक हादसा सोमवार सुबह के समय हुआ, जब सड़क पर लोगों की आवाजाही काफी कम थी और आसपास की दुकानें भी बंद थीं। हादसे से कुछ ही सेकंड पहले ही एक ट्रक वहां से गुजरा था। अगर उस वक्त सड़क पर भीड़भाड़ होती या दुकानें खुली होतीं, तो यह हादसा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो सकता था। कार के खंभे से टकराने की जोरदार आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे लोग रुक गए और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
आधे घंटे तक लगा जाम, बिना पुलिस बुलाए निकला ड्राइवर
सड़क के बीचों-बीच दुर्घटनाग्रस्त कार के आ जाने से फिल्लौर-नूरमहल रोड पर लगभग आधे घंटे तक ट्रैफिक पूरी तरह से ठप रहा। मौके पर जमा हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पहले कार को सड़क से हटवाया और फिर ड्राइवर की स्टेपनी (टायर) बदलने में मदद की। हैरान करने वाली बात यह रही कि इस भयानक हादसे की सूचना पुलिस को नहीं दी गई। टायर बदलने के तुरंत बाद अज्ञात ड्राइवर अपनी कार लेकर वहां से चला गया, जिसके चलते उसकी पहचान भी नहीं हो पाई है।

Film-style accident in Jalandhar: A speeding car’s tyre bursts, collides with a pole and drags for 100 metres




