जालंधर: कनाडा में बसे पंजाबी समुदाय को उस वक्त गहरा झटका लगा, जब वहां की एक जानी-मानी रेडियो ब्रॉडकास्टर को ड्रग्स तस्करी के आरोप में जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया गया। ब्रिटिश कोलंबिया की सुप्रीम कोर्ट ने अमेरिका से ड्रग्स की तस्करी करने के गंभीर मामले में पंजाबी मूल की सुखविंदर कौर संघा को साढ़े पांच साल की कैद की सजा सुनाई है। 15 अप्रैल को आए इस कड़े फैसले के बाद कनाडा से लेकर पंजाब तक हड़कंप मच गया है।
जालंधर के नकोदर से है खास कनेक्शन, शो में आते थे बड़े नेता
47 वर्षीय सुखविंदर कौर संघा का ताल्लुक जालंधर जिले के नकोदर से है, हालांकि उनका जन्म कनाडा के प्रिंस जॉर्ज में ही हुआ था। पिछले एक दशक में उन्होंने कनाडा के पंजाबी रेडियो और टीवी जगत में अपनी एक अलग और मजबूत पहचान बनाई थी। एक फ्रीलांसर रेडियो और टीवी होस्ट के तौर पर वह देखते ही देखते पंजाबी समुदाय का एक बहुत बड़ा चेहरा बन चुकी थीं। उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके शोज में अक्सर हाई-प्रोफाइल राजनेता, आला पुलिस अधिकारी और कई नामी हस्तियां शिरकत करने आती थीं।
पंजाबी समुदाय की छवि पर लगा दाग, बढ़ी चिंता
एक मशहूर और सम्मानित चेहरे के इस तरह ड्रग्स के काले कारोबार में शामिल होने से कनाडा में रहने वाले पंजाबी मूल के लोग गहरे सदमे में हैं। इस घटना ने पूरे समुदाय को शर्मसार कर दिया है। लोगों का मानना है कि ऐसी घटनाओं से पूरे पंजाबी समाज को ड्रग्स तस्करी के साथ जोड़कर देखा जाने लगता है, जो बेहद चिंताजनक है। कनाडा में पहले से ही पंजाबियों के खिलाफ हेट स्पीच और नस्लीय टिप्पणियों के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। समुदाय के नेताओं का डर है कि इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद पंजाबी समुदाय एक बार फिर से कनाडाई लोगों के निशाने पर आ जाएगा और उनकी छवि को भारी नुकसान पहुंचेगा।

Famous Canadian-Punjabi Female Anchor Sentenced to 5.5 Years in Prison; Fans in Shock.








