You are currently viewing जालंधर में फर्जी पुलिस का भंडाफोड़, खाकी पगड़ी और पुलिसिया जूतों में करते थे राहगीरों से लूटपाट; 4 शातिर गिरफ्तार

जालंधर में फर्जी पुलिस का भंडाफोड़, खाकी पगड़ी और पुलिसिया जूतों में करते थे राहगीरों से लूटपाट; 4 शातिर गिरफ्तार

जालंधर: जालंधर की थाना नई बारादरी पुलिस ने एक ऐसे शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है, जो फर्जी पुलिसकर्मी बनकर शहर में लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। ये आरोपी खाकी पगड़ी और पुलिस वाले जूते पहनकर रात के अंधेरे में अकेले राहगीरों को अपना निशाना बनाते थे। पुलिस ने इनके पास से 8 मोबाइल फोन, 3 बाइक और तेजधार हथियार (दातर) बरामद किए हैं। पहले चश्मा बेचने का काम करने वाले इन युवकों ने अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए अपराध का यह रास्ता चुना था।

रात के अंधेरे में ऐसे बनाते थे शिकार

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब 13 जनवरी की रात दिल्ली से लौटे राज कुमार शर्मा और उनके दोस्त मनप्रीत के साथ लूटपाट की घटना हुई। दोनों सिटी रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान लाडोवाली रोड पर एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोका। इनमें से दो आरोपियों ने खाकी पगड़ी बांधी हुई थी और पैरों में पुलिस अधिकारियों जैसे जूते पहने हुए थे। उन्होंने असली पुलिस की तरह रौब दिखाते हुए दोनों से देर रात घूमने का कारण पूछा और डरा-धमकाकर 9660 रुपए नकद और एक आईफोन लूटकर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान

पीड़ितों की शिकायत के बाद एसएचओ रविंदर कुमार की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए इलाके के सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू किया। फुटेज में आरोपी बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर नजर आए। इसके बाद पुलिस ने इलाके में घेराबंदी तेज कर दी। जब ये आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे, तभी असली पुलिस की मुस्तैदी ने इन्हें दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कोट बाबा दीप सिंह नगर निवासी कर्णवीर सिंह, सरबजीत सिंह, अमनपाल सिंह और मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में यह बात सामने आई कि कर्ण और अमनपाल पुलिसिया गेटअप तैयार करते थे, जबकि सरबजीत सादे कपड़ों में उनके साथ रहता था।

मजदूर की भी लूटी थी बाइक, जांच में जुटी पुलिस

इन शातिर आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि इन्होंने दिनदहाड़े एक गरीब मजदूर को भी अपना शिकार बना डाला। ये दिन के उजाले में मजदूर के घर पहुंचे और बाइक पर ‘ट्रिपलिंग’ करने का डर दिखाकर उसे जब्त करने के बहाने उसकी बाइक ही लेकर चंपत हो गए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे पिछले दो महीनों में ऐसी अनगिनत वारदातें कर चुके हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि ये आरोपी नशे की खेप कहां से खरीदते थे और क्या उनके तार ड्रग्स तस्करी के किसी बड़े नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं।

Fake police gang busted in Jalandhar; 4 criminals arrested for robbing passersby wearing khaki