You are currently viewing हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री विवाद गहराया: कांग्रेस विधायक हिरासत में, 100 से ज्यादा किसानों पर केस; डर से 30 परिवार घर छोड़कर भागे; इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद

हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री विवाद गहराया: कांग्रेस विधायक हिरासत में, 100 से ज्यादा किसानों पर केस; डर से 30 परिवार घर छोड़कर भागे; इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद

हनुमानगढ़: हनुमानगढ़ में ड्यून एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण को लेकर चल रहा विवाद अब उग्र रूप ले चुका है। इलाके में तनाव की स्थिति बरकरार है और गुरुवार को पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कांग्रेस विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आज होने वाली किसान महापंचायत में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी रास्ते में ही रोक दिया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर टिब्बी क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी हैं ताकि किसी भी तरह की अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।

बुधवार को हुई हिंसा और आगजनी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 107 से अधिक किसानों और ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और अब तक 40 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। एडीजी वीके सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उपद्रव में 36 से ज्यादा पुलिसकर्मी और बॉर्डर होमगार्ड घायल हुए हैं, जिनमें से पांच पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। एडीजी ने स्पष्ट किया कि पुलिस की ओर से कोई फायरिंग नहीं की गई और बाहरी तत्वों ने स्थानीय लोगों को भड़काकर हिंसा करवाई है। सीसीटीवी फुटेज में कई लोग पत्थरबाजी करते और कानून तोड़ते हुए कैद हुए हैं।

पुलिस की भारी सख्ती और विधायक की हिरासत के बावजूद किसानों का विरोध जारी है। गुरुवार दोपहर टिब्बी के गुरुद्वारा सिंह सभा में किसानों की एक बड़ी सभा आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि जब तक फैक्ट्री का निर्माण पूरी तरह बंद नहीं होता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। हिंसा के माहौल और डर के कारण फैक्ट्री के आसपास रहने वाले करीब 30 परिवार अपने घरों में ताला लगाकर पलायन कर गए हैं।

गौरतलब है कि यह पूरा विवाद राठीखेड़ा गांव में ड्यून एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगाए जा रहे 40 मेगावाट के एथेनॉल प्लांट को लेकर है। सितंबर 2024 से जून 2025 तक ग्रामीणों का विरोध शांतिपूर्ण चल रहा था, लेकिन पुलिस सुरक्षा में दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने और किसान नेताओं की गिरफ्तारी के बाद गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को हजारों किसानों ने फैक्ट्री की दीवार तोड़ दी थी और ऑफिस समेत 10 गाड़ियों में आग लगा दी थी, जिसके बाद हुई हिंसक झड़प में विधायक समेत 70 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

Ethanol factory dispute escalates in Hanumangarh: Congress MLA detained, over 100 farmers booked