You are currently viewing जालंधर में तड़के एनकाउंटर: 5 करोड़ की फिरौती मांगने वाले गोल्डी बराड़ के गुर्गे गिरफ्तार; पुलिस की गोली से एक लंगड़ा, दूसरे की टांग टूटी

जालंधर में तड़के एनकाउंटर: 5 करोड़ की फिरौती मांगने वाले गोल्डी बराड़ के गुर्गे गिरफ्तार; पुलिस की गोली से एक लंगड़ा, दूसरे की टांग टूटी

जालंधर: जालंधर देहात के नकोदर इलाके में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। यहाँ पुलिस और बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ के बाद विदेशी गैंगस्टरों के इशारे पर काम करने वाले दो शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस कार्रवाई में एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से घायल हुआ है, जबकि दूसरा आरोपी भागने की कोशिश में गिर गया, जिससे उसकी टांग टूट गई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है और उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं।

5 करोड़ की फिरौती और दहशत फैलाने की साजिश

पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी शहर के प्रमुख व्यवसायी और ‘बख्शी ट्रैवल कंपनी’ व ‘बी.बी. स्कूल ऑफ आइलेट्स’ के मालिक मनीष बख्शी को दोबारा निशाना बनाने की फिराक में थे। मनीष बख्शी को 11 नवंबर 2025 को विदेशी नंबरों से कॉल आए थे, जिसमें फोन करने वालों ने खुद को कुख्यात गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताया था। बदमाशों ने उनसे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पैसे न देने पर डराने के लिए आरोपियों ने 16-17 जनवरी की रात को मनीष के दफ्तर के बाहर फायरिंग भी की थी।

नूरमहल रोड पर हुई आमने-सामने फायरिंग

एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फिर से किसी वारदात को अंजाम देने के लिए इलाके में घूम रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस टीम ने नूरमहल रोड पर गांव बीर फाटक के पास घेराबंदी की। जब पुलिस ने बाइक सवार संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी अंकित कुमार (निवासी सीतामढ़ी, बिहार) के पैर में गोली लगी। वहीं, उसका साथी हरिंदर गुप्ता (निवासी गोरखपुर, यूपी) भागने की हड़बड़ी में गिर गया और उसकी टांग फ्रैक्चर हो गई।

हथियार बरामद, अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को काबू कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक .30 बोर की पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फिरौती न मिलने के कारण शिकायतकर्ता पर दोबारा जानलेवा हमला करने की योजना बना रहे थे। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

Early morning encounter in Jalandhar: Goldy Brar’s henchmen, who demanded a ransom of 5 crore rupees