जालंधर: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक बार फिर भगवंत मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस बार चन्नी ने पंजाब की सबसे दुखती रग ‘नशे’ को मुद्दा बनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सरकार के नशा मुक्ति अभियान की पोल खोली है। चन्नी ने दावा किया है कि पंजाब में हालात सुधरने के बजाय और बदतर हो गए हैं, जहां पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है और नशा तस्कर खुलेआम अपना कारोबार चला रहे हैं।
10 नहीं, सिर्फ 5 मिनट में मिल रहा नशा
पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा जारी किए गए वीडियो में वह दो आम नागरिकों के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इस बातचीत के दौरान एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। वीडियो में दावा किया गया है कि पंजाब में नशे की सप्लाई चेन इतनी मजबूत हो चुकी है कि मांग करने पर तस्कर 10 मिनट तो दूर, महज 5 मिनट के भीतर किसी भी लोकेशन पर नशा पहुंचा रहे हैं। चन्नी ने इस वीडियो के जरिए सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि राज्य में नशे की ‘होम डिलीवरी’ खाने-पीने की चीजों से भी ज्यादा तेज हो रही है, जो सरकारी दावों की हकीकत बयां कर रही है।
देखें VIDEO-
भोग पड़ने से पहले ही छूट जाते हैं तस्कर
वीडियो में पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। चन्नी के साथ बैठे लोगों ने आरोप लगाया कि नशा तस्करों के खिलाफ शिकायत करने पर भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती। एक पीड़ित व्यक्ति ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनके रिश्तेदार की नशे के ओवरडोज से मौत हो गई थी। परिवार ने हिम्मत जुटाकर तस्कर को पकड़वाया भी, लेकिन सिस्टम की लाचारी देखिए कि अभी मृतक का अंतिम अरदास (भोग) भी नहीं हुआ था कि उससे पहले ही तस्कर पुलिस की गिरफ्त से छूटकर बाहर आ गया।
‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान पूरी तरह फेल
बातचीत के दौरान यह भी कहा गया कि पंजाब सरकार का बहुचर्चित ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान जमीनी स्तर पर पूरी तरह विफल साबित हुआ है। वीडियो में लोगों ने दावा किया कि सरकारी सख्ती के शोर के बीच नशा कम होने के बजाय और बढ़ा है। पूर्व सीएम चन्नी ने इस वीडियो के माध्यम से सरकार को घेरते हुए यह संदेश देने की कोशिश की है कि पंजाब की जवानी को बचाने के सरकारी वादे सिर्फ होर्डिंग्स तक ही सीमित रह गए हैं।

Drugs are being delivered faster than pizza in Punjab, former CM Channi released a video and criticized the Mann government




