You are currently viewing जालंधर वेस्ट में सरेआम नशा! युवक का प्राइवेट पार्ट में ड्रग्स इंजेक्ट करते वीडियो वायरल, प्रशासन पर उठे सवाल

जालंधर वेस्ट में सरेआम नशा! युवक का प्राइवेट पार्ट में ड्रग्स इंजेक्ट करते वीडियो वायरल, प्रशासन पर उठे सवाल

जालंधर: पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे तमाम अभियानों की पोल खोलता एक हैरान करने वाला मामला जालंधर वेस्ट हलके से सामने आया है। यहां के बस्ती शेख स्थित दशहरा ग्राउंड में सरेआम नशे के इंजेक्शन लगाते हुए युवकों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने इलाके में कानून व्यवस्था और प्रशासन की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कैमरे में कैद हुई नशे की खौफनाक तस्वीर

सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि 30 से 35 साल की उम्र का एक युवक दशहरा ग्राउंड में बने एक कमरे के अंदर दाखिल होता है और सिरिंज में ‘चिट्टा’ (हेरोइन) भरता है। इसके बाद वह इधर-उधर नजर दौड़ाकर अपनी पैंट ढीली करता है और प्राइवेट पार्ट के पास इंजेक्शन लगाने लगता है। करीब एक मिनट तक धीरे-धीरे नशा शरीर में उतारने के बाद युवक की हालत बिगड़ने लगती है और वह सीधे खड़े होने की स्थिति में भी नहीं रहता। नशा हावी होने पर वह किसी तरह अपने कपड़े ठीक करता है और झूमते हुए घुटनों के बल वहीं बैठ जाता है। इस पूरी खौफनाक घटना को वहां मौजूद किसी शख्स ने अपने कैमरे में कैद कर लिया।

सरकारी दावों की खुली पोल, कमरे को बना लिया अड्डा

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में पनप रहे नशे के इस काले कारोबार के खिलाफ भारी रोष व्यक्त किया है। लोगों का स्पष्ट कहना है कि जमीनी स्तर पर सरकार की नशा विरोधी मुहिम का कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों ने बताया कि दशहरा ग्राउंड में बने इस कमरे को नशेड़ियों ने अपना स्थायी अड्डा बना लिया है। बीते गुरुवार को भी बाइक सवार दो युवक इसी जगह पर आकर सरेआम नशा करते हुए देखे गए थे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उनका वीडियो बनाकर मामले को उजागर किया।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, गश्त बढ़ाने की मांग

इलाका निवासियों का आरोप है कि इस दशहरा ग्राउंड में नशे का यह खेल लंबे समय से चल रहा है और यह जगह धीरे-धीरे नशेड़ियों का सुरक्षित ठिकाना बनती जा रही है। लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित थाने की पुलिस और अधिकारियों को इस संबंध में शिकायतें दी हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी ढीले रवैये के कारण नशेड़ियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे दिनदहाड़े इस तरह की हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। परेशान लोगों ने अब प्रशासन से सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र में पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने की गुहार लगाई है।

Drug abuse rampant in Jalandhar West! Video of a young man injecting drugs into his private parts