
हाजीपुर: बिहार से बड़ी खबर सामने आई है। बिहार के हाजीपुर में करंट लगने से 9 कांवड़ियों की मौत हो गई है। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। घटना रविवार देर रात की है। कांवड़िए सावन सोमवारी का जल उठाने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लगाया गया डीजे 11 हजार वोल्ट के चपेट में आ गया, जिसमें 9 कांवड़िए हाईटेंशन तार में 15 सेकंड तक चिपक गए, जिसमें उनकी मौत हो गई। करंट लगते ही कांवड़ियों में चीख-पुकार मच गई। वहीं कई लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि कांवर यात्रा पर गए सभी लोग सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे थे। सभी कांवड़िए पहलेजा स्थित गंगा नदी से जल लेकर आ रहे थे। हादसे में मरने वाले कांवरिए जेठुई गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हाजीपुर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि औद्योगिक थाना अंतर्गत सुल्तानपुर गांव में कांवड़िए डीजे के साथ जा रहे थे। डीजे काफी तेज था, जो बिजली की तार की चपेट में आ गया, जिससे 9 लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग घायल हैं, जिनका इलाज चल रहा है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।

DJ came in contact with 11 thousand volt wire, 9 devotees died due to electric shock; many got burnt




