जालंधर: महानगर की व्यस्त मकसूदां सब्जी मंडी में स्थित एक बेकरी में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात ने व्यापारियों में हड़कंप मचा दिया है। एक शातिर चोर ने मौका पाते ही दुकान के गल्ले पर हाथ साफ कर दिया और करीब 50 हजार रुपये की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गया। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर अब पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पीड़ित बेकरी संचालक पारस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर के समय उनकी दुकान पर दूध की सप्लाई आई थी। वे दुकान के अंदर दूध की ट्रे को व्यवस्थित करने में व्यस्त थे, तभी एक अज्ञात युवक मौका पाकर दुकान के भीतर दाखिल हुआ। उसने देखा कि काउंटर पर कोई मौजूद नहीं है, इसी का फायदा उठाते हुए उसने फुर्ती से गल्ले में हाथ डाला और वहां रखे करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए। पारस को कुछ ही पलों में अहसास हुआ कि गल्ले से नकदी गायब है। उन्होंने तुरंत बाहर भागते हुए युवक को देखा और शोर मचाते हुए उसका पीछा भी किया, लेकिन आरोपी बेहद चालाकी से भीड़भाड़ वाले इलाके का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा।
दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर एक के प्रभारी राकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें आरोपी युवक चोरी की वारदात को अंजाम देता और भागता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और आसपास के रास्तों पर लगे अन्य कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, भरी दोपहरी में हुई इस चोरी से स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और उन्होंने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Daylight robbery at a bakery in Jalandhar: Rs. 50000 stolen; the shopkeeper was arranging milk trays when the thief




