CWG 2022: अचिंता शेउली ने बनाया नया रिकॉर्ड, भारत को दिलाया तीसरा गोल्ड मेडल

नई दिल्ली: बर्मिंघम में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय वेटलिफ्टर खिलाड़ियों का जलवा जारी है। भारत ने इन खेलों में अब तक 3 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 6 पदक जीते हैं और सभी मेडल वेटलिफ्टिंग इवेंट में ही आए हैं। CWG 2022 में तीसरे दिन दूरा मेडल भारत को अचिंता शेउली ने दिलाया। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को दिन का दूसरा और इवेंट का तीसरा स्वर्ण पदक दिलाने में कामयाबी हासिल की।।

20 साल के अचिंता शेउली ने पुरुषों के 73 किलोग्राम भारवर्ग में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने स्नैच राउंड में 143 किलो और क्लीन एंड जर्क राउंड में 170 किलो वजन उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 313 किलो वजन उठाकर भारत की झोली में गोल्ड मेडल डालने का काम किया। यह भारत के लिए तीसरे दिन (रविवार) का दूसरा पदक था, क्योंकि उनसे पहले वेटलिफ्टर जेरेमी लालरिनुंगा ने 67kg भारवर्ग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।

कामनवेल्थ गेम्स 2022 की पदक तालिका में अब भारत छठे स्थान पर पहुंच गया है। भारत से आगे ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और कनाडा है। वहीं, अब तक भारत के लिए पदक जीतने वालों की बात करें तो अचिंता शेउली और जेरेमी लालरिनुंगा से पहले शनिवार को भारत ने चार पदक वेटलिफ्टिंग में ही जीते थे। मीराबाई चानू ने गोल्ड मेडल, जबकि संकेत सरदर और विंद्यारानी देवी ने सिल्वर और गुरुराजा पुजारी ने कांस्य जीता था।

CWG 2022: Achinta Sheuli sets a new record, gives India the third gold medal