जगराओं: साइबर ठग अब लोगों को लूटने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और वॉइस चेंजर जैसी आधुनिक तकनीकों का सहारा ले रहे हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शातिर युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट पर लड़की की आवाज निकालकर युवाओं को विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये का चूना लगा दिया। पुलिस की साइबर सेल ने इस हाईटेक ठग को धर दबोचा है। पुलिस की पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी अब तक कई युवाओं की भावनाओं और उनके विदेश जाने के सपनों के साथ खिलवाड़ कर चुका है।
स्नैपचैट पर बुना ‘बरकत कौर’ का जाल
मोहाली के कुराली निवासी आरोपी अमन ने जगराओं के रहने वाले मनजोत सिंह को अपना शिकार बनाया। साइबर क्राइम के एएसआई जगरूप सिंह ने बताया कि मनजोत विदेश जाने का इच्छुक था। 13 मई 2026 को उसे स्नैपचैट पर ‘kaurgill8146’ आईडी से ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने का एक मैसेज मिला। जब मनजोत ने उस आईडी पर संपर्क किया, तो दूसरी तरफ से लड़की की आवाज में बात की गई। आरोपी ने अपना नाम बरकत कौर गिल बताया और खुद को ऑस्ट्रेलिया में रहने वाली एनआरआई घोषित कर दिया। उसने मनजोत को यह झांसा दिया कि एक अन्य लड़की का वीजा कैंसिल हो गया है, ऐसे में अगर वह एजेंट के पास फंसे 45,000 रुपये दे दे, तो वह वीजा उसके नाम पर ट्रांसफर हो सकता है।
ठगी को सच साबित करने के लिए बन गया दादी
पीड़ित का पक्का भरोसा जीतने के लिए आरोपी अमन ने शातिरपन की सारी हदें पार कर दीं। उसने न केवल लड़की की आवाज में बात की, बल्कि खुद ही आवाज बदलकर उस लड़की की दादी बनकर भी मनजोत से फोन पर लंबी बातचीत की। उसने दादी की आवाज में पीड़ित को यकीन दिलाया कि उसकी पोती सच में ऑस्ट्रेलिया में सेटल है। इस बड़े झांसे में आकर मनजोत ने 15 मई से 23 मई के बीच आईईएलटीएस (IELTS) सर्टिफिकेट और वीजा फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में आरोपी को कुल 2,39,750 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद 24 मई को भारत आने का वादा करके आरोपी ने अपना फोन पूरी तरह से बंद कर लिया, तब जाकर पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस के जाल में फंसा हाईटेक नटवरलाल
पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर सेल ने बारीकी से तकनीकी जांच शुरू की और जाल बिछाकर आरोपी अमन को मोहाली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया है कि वह अब तक तीन युवकों को लड़की की आवाज निकालकर ठग चुका है। मनजोत के अलावा उसने खन्ना और खरड़ के रहने वाले दो अन्य युवकों को भी ठीक इसी तरह अपना शिकार बनाया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इस नए और हाईटेक तरीके से राज्य के और कितने लोगों की गाढ़ी कमाई लूटी है।


Cunning fraudster arrested in Punjab for swindling lakhs via Snapchat by impersonating a girl




