You are currently viewing कोल्डरिफ सिरप बना बच्चों का काल, 9 मासूमों की मौत के बाद सरकार ने लिया ये बड़ा एक्शन

कोल्डरिफ सिरप बना बच्चों का काल, 9 मासूमों की मौत के बाद सरकार ने लिया ये बड़ा एक्शन

भोपाल: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कोल्डरिफ कफ सिरप के सेवन से 9 बच्चों की मौत की हृदयविदारक घटना ने पूरे प्रदेश को स्तब्ध कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से पूरे प्रदेश में इस जानलेवा सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

घटना सामने आते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसे अत्यंत दुखद बताते हुए कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा, “छिंदवाड़ा में कोल्डरिफ सिरप के कारण हुई बच्चों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। इस सिरप की बिक्री को पूरे मध्यप्रदेश में बैन कर दिया गया है। सिरप को बनाने वाली कंपनी के अन्य उत्पादों की बिक्री पर भी प्रतिबंध लगाया जा रहा है।”

चूंकि यह सिरप तमिलनाडु के कांचीपुरम स्थित श्रीसन फार्मास्यूटिकल कंपनी द्वारा बनाया जाता है, इसलिए मध्य प्रदेश सरकार ने तमिलनाडु सरकार से तत्काल जांच रिपोर्ट मांगी थी। आज सुबह प्राप्त हुई रिपोर्ट में सिरप में गंभीर लापरवाही और घातक पदार्थों की मिलावट की पुष्टि हुई, जिसके बाद सरकार ने यह कड़ा कदम उठाया।

छिंदवाड़ा के परासिया ब्लॉक में हुई इन दुखद मौतों के बाद जब सिरप के सैंपल की जांच की गई, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जांच रिपोर्ट के अनुसार, सिरप में नॉन-फार्माकोपिया ग्रेड प्रोपीलीन ग्लाइकॉल का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें डायथिलीन ग्लाइकॉल (डीईजी) और एथिलीन ग्लाइकॉल जैसे जहरीले पदार्थों की मिलावट की आशंका है। यह दोनों ही केमिकल इंसानी किडनी को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाते हैं और जानलेवा साबित हो सकते हैं।

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा साझा की गई रिपोर्ट के बाद तमिलनाडु सरकार ने भी अपने राज्य में कोल्डरिफ सिरप की बिक्री और उपयोग पर तत्काल रोक लगा दी है। थोक और खुदरा विक्रेताओं को स्टॉक फ्रीज करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही निर्माता कंपनी को ‘स्टॉप प्रोडक्शन’ का आदेश जारी करते हुए उसका मैन्युफैक्चरिंग लाइसेंस रद्द करने के लिए कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।

राज्य स्तर पर भी इस मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है, जो यह सुनिश्चित करेगी कि इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार कोई भी व्यक्ति कानून के शिकंजे से बच न पाए।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Coldreef syrup becomes death for children