You are currently viewing पंजाब के किसानों के लिए CM मान का बड़ा ऐलान, खराब फसलों की होगी गिरदावरी; फ्री बिजली और बेअदबी कानून पर भी कही बड़ी बात

पंजाब के किसानों के लिए CM मान का बड़ा ऐलान, खराब फसलों की होगी गिरदावरी; फ्री बिजली और बेअदबी कानून पर भी कही बड़ी बात

चंडीगढ़: पंजाब में पिछले दिनों हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खराब हुई फसलों की स्पेशल गिरदावरी करवाने के सख्त आदेश जारी कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ खड़ी है और फसल के नुकसान की उचित भरपाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरी स्थिति पर सरकार की पैनी नजर है और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द पारदर्शी तरीके से गिरदावरी का काम पूरा करने को कहा गया है।

बिना राष्ट्रपति की मंजूरी के उसी दिन लागू होगा बेअदबी पर नया कानून

फसलों के मुआवजे के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने बेअदबी के मामलों को लेकर भी एक अहम घोषणा की है। सीएम मान ने कहा कि पंजाब में बेअदबी को लेकर बनाया जा रहा नया और सख्त कानून पास होते ही उसी दिन से लागू कर दिया जाएगा। इसके लिए बकायदा विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाया गया है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह पूरी तरह से राज्य का अपना कानून है, इसलिए इसे मंजूरी के लिए राष्ट्रपति के पास भेजने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि अगर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) इस कानून को लेकर कोई सकारात्मक सुझाव देती है, तो सरकार उसका खुले दिल से स्वागत करेगी।

सीएम ने खोला फ्री बिजली का राज

पंजाब में लोगों को मिल रही मुफ्त बिजली के फॉर्मूले का खुलासा करते हुए मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर जमकर सियासी हमला बोला। सीएम मान ने कहा कि पंजाब सरकार की अपनी कोयले की खान थी जो लंबे समय से बंद पड़ी थी और पिछली सरकारें कमीशन के चक्कर में प्राइवेट कंपनियों से महंगा कोयला खरीदती थीं। हमारी सरकार ने अक्टूबर 2022 में इस खान को टेकओवर कर दोबारा चालू किया और 70 लाख मीट्रिक टन कोयला निकालने का लक्ष्य पूरा किया। इससे राज्य के 1462 करोड़ रुपये बचे, जिससे बिजली बोर्ड घाटे में जाने से बच गया और इसी बचे हुए पैसे से जनता को मुफ्त बिजली दी जा रही है। उन्होंने कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुखबीर बादल और बिक्रम मजीठिया पर तंज कसते हुए कहा कि पहले की सरकारें सोलर और बिजली प्रोजेक्ट्स को अपने चहेतों को देकर सिर्फ अपना घर भरती थीं।

राज्य में कोयले की कोई कमी नहीं

पंजाब में कोयले की कमी की अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कोयला खत्म होने की खबरें अब पूरी तरह से आउटडेटेड हो चुकी हैं। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए बताया कि रूपनगर थर्मल प्लांट में 41 दिन, लहरा मोहब्बत में 37 दिन और गोइंदवाल साहिब प्लांट में 32 दिन का कोयले का रिजर्व स्टॉक अभी भी शेष है। राज्य के लिए यह स्टॉक जरूरत से बहुत ज्यादा है और खदान से लगातार कोयले की सप्लाई भी आ रही है। इसके साथ ही सीएम मान ने जानकारी दी कि बहुप्रतीक्षित शाहपुर कंडी प्रोजेक्ट भी मई 2027 तक पूरी तरह से शुरू हो जाएगा, जिससे राज्य के ऊर्जा और सिंचाई क्षेत्र को बड़ी मजबूती मिलेगी।

CM Mann Makes Major Announcement for Punjab Farmers: Survey of Damaged Crops to be Conducted