You are currently viewing चंडीगढ़: गलत पेन की डिलीवरी करना पड़ गया भारी, कंज्यूमर कोर्ट ने कंपनी को ठोका भारी भरकम जुर्माना

चंडीगढ़: गलत पेन की डिलीवरी करना पड़ गया भारी, कंज्यूमर कोर्ट ने कंपनी को ठोका भारी भरकम जुर्माना

चंडीगढ़: ऑनलाइन शॉपिंग में गलत सामान की डिलीवरी करना बेंगलुरु की एक कंपनी को महंगा पड़ गया है। 1611 रुपये में खरीदे गए एक पेन की गलत डिलीवरी के मामले में जिला उपभोक्ता आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग ने बेंगलुरु स्थित फर्म ‘विलियम पेन प्राइवेट लिमिटेड’ को सेवा में लापरवाही का दोषी ठहराते हुए उस पर 7 हजार रुपये का हर्जाना लगाया है।

पीले रंग की जगह भेजा दूसरे रंग का पेन

यह पूरा मामला चंडीगढ़ के सेक्टर-16 निवासी सिमरनजीत सिंह सिद्धू की शिकायत से जुड़ा है। सिद्धू ने ई-कॉमर्स साइट फ्लिपकार्ट के जरिए उक्त कंपनी का एक महंगा पेन ऑर्डर किया था, जिसकी कीमत 1611 रुपये थी। ऑर्डर के मुताबिक, उन्हें पीले रंग की बॉडी और काले रिफिल वाला पेन चाहिए था। लेकिन जब कंपनी की तरफ से डिलीवरी प्राप्त हुई, तो पेन का रंग वह नहीं था जो उन्होंने ऑर्डर किया था। गलत उत्पाद मिलने पर उपभोक्ता ने कंपनी के खिलाफ उपभोक्ता आयोग में केस दायर कर दिया।

रिप्लेसमेंट में भी कंपनी ने की वही गलती

शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 20 जून 2021 को ‘केरेन डी-एक 849 बॉल पेन’ का ऑर्डर दिया था। छह दिन बाद उन्हें पेन मिला, लेकिन पैकेट खोलने पर वह निराश हो गए क्योंकि उत्पाद का रंग वेबसाइट पर दिखाए गए रंग से अलग था। उन्होंने उसी दिन पेन को बदलने (Replace) के लिए आवेदन किया। इसके बाद 6 जुलाई 2021 को कंपनी ने रिप्लेसमेंट के तौर पर दूसरा पेन भेजा, लेकिन इस बार भी कंपनी ने लापरवाही बरतते हुए गलत उत्पाद ही भेज दिया। बार-बार गलत सामान मिलने से परेशान होकर उन्होंने आयोग का दरवाजा खटखटाया।

स्क्रीन रेजोल्यूशन का बहाना नहीं आया काम

मामले की सुनवाई के दौरान कंपनी ने अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने दो बार पेन की डिलीवरी भेजी और हर बार वही मॉडल भेजा गया था जिसका ऑर्डर मिला था। कंपनी ने अजीबोगरीब दलील देते हुए कहा कि वेबसाइट की स्क्रीन और असल उत्पाद के रंग में थोड़ा अंतर (Visual difference) हो सकता है, इसलिए शिकायत को खारिज किया जाना चाहिए। हालांकि, जिला उपभोक्ता आयोग ने कंपनी की इन दलीलों को सिरे से खारिज कर दिया और इसे सेवा में कमी मानते हुए शिकायतकर्ता के हक में फैसला सुनाया।

Chandigarh: Delivering the wrong pen proved costly; the consumer court slapped a hefty fine on the company