You are currently viewing बाइक से टकराकर आग का गोला बनी बस, 12 यात्री ही खिड़की तोड़कर निकल पाए बाहर, 20 जिंदा जले

बाइक से टकराकर आग का गोला बनी बस, 12 यात्री ही खिड़की तोड़कर निकल पाए बाहर, 20 जिंदा जले

कुरनूल: आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में कम से कम 20 लोगों के जिंदा जलने की पुष्टि हुई है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। यह भीषण दुर्घटना तब हुई जब कावेरी ट्रैवल्स की एक प्राइवेट बस हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर एक बाइक से टकरा गई, जिसके बाद बस में भयानक आग लग गई।

घटना सुबह करीब 3:30 बजे चिन्ना टेकुरु गांव के पास नेशनल हाईवे 44 पर हुई। बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी। पुलिस ने बताया, “एक दोपहिया वाहन बस से टकराने के बाद उसके नीचे फंस गया और सीधे फ्यूल टैंक से जा टकराया। इससे तुरंत धमाका हुआ और आग ने तेजी से पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।”

हादसे के वक्त बस में 44 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश गहरी नींद में थे। आग लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस कुछ ही मिनटों में आग की लपटों में घिर गई।

आग का अहसास होते ही 12 यात्री किसी तरह हिम्मत जुटाकर बस की खिड़कियां तोड़कर बाहर कूदने में सफल रहे, लेकिन बाकी लोग बस के अंदर ही फंस गए। चश्मदीदों ने बताया कि बस के पूरी तरह जलने से पहले मदद के लिए चीखें सुनाई दे रही थीं।

सूचना मिलते ही दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी फायर ब्रिगेड के आने से पहले घायलों को बचाने की कोशिश की।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस भयावह घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने प्रशासन को घायलों को तत्काल सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सहायता देने और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि बीते सप्ताह 14 अक्टूबर को ही राजस्थान के जैसलमेर-जोधपुर मार्ग पर भी एक बस में आग लगने से 22 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Bus turns into a ball of fire after colliding with a bike