
करनाल: अमेरिका गए करनाल के एक नौजवान की गोली मारकर हत्या किए जाने की दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मृतक की पहचान प्रदीप के तौर पर हुई है, जो आठ बहनों का इकलौता भाई था। हमलावर ने प्रदीप को मौत के घाट उतारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
यह पूरी खौफनाक वारदात डिपार्टमेंटल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि हमलावर पहले स्टोर में दाखिल होता है और इधर-उधर टहलता है। इसके बाद वह तेजी से अपनी पिस्तौल लोड करता है और सीधे बिलिंग काउंटर पर खड़े प्रदीप पर तान देता है।
इससे पहले कि प्रदीप संभल पाता, हमलावर ने उसे गोली मार दी। प्रदीप को गोली मारने के फौरन बाद हमलावर ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे स्टोर में हड़कंप मच गया।

परिवार के मुताबिक, गोली मारने वाला शख्स एक रिटायर्ड फौजी है, हालांकि अभी उसके नाम का खुलासा नहीं हुआ है। हत्या की वजह भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रदीप की शादी 10 साल पहले हुई थी, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी पर थी।
परिवार ने बताया कि प्रदीप करीब डेढ़ साल पहले ‘डंकी’ (अवैध) रूट से अमेरिका गया था और उसे वहां पहुंचने में ही 8 महीने लग गए थे। हाल ही में उसे एक डिपार्टमेंटल स्टोर में नौकरी मिली थी।
कुछ दिन पहले ही प्रदीप ने परिवार से बात कर बताया था कि उसे काम मिल गया है और अब वह धीरे-धीरे 42 लाख रुपये का कर्ज भी चुका देगा। परिवार को इस वारदात की सूचना 17 अक्टूबर की रात को अमेरिका में रहने वाले प्रदीप के दोस्तों से मिली। गमगीन परिवार ने सरकार से गुहार लगाई है कि प्रदीप के शव को जल्द से जल्द भारत लाया जाए, ताकि गांव में ही उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।
View this post on Instagram


brother of 8 sisters was murdered




