लुधियाना: लुधियाना के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार समराला चौक पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब यहां फ्लाईओवर के नीचे बने एक पार्क में एक अज्ञात युवक की लाश बरामद हुई। पार्क में एक बेंच पर संदिग्ध हालत में पड़े युवक को देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों के होश उड़ गए। उन्होंने बिना देरी किए इसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य कर्मियों और पुलिस को दी। शुरुआती जांच में घटनास्थल के हालात देखते हुए स्थानीय लोगों और डॉक्टर ने इसे नशे की ओवरडोज से हुई मौत का मामला बताया है, जिसने इलाके के लोगों को दहशत में डाल दिया है।
डॉक्टर ने किया ओवरडोज का बड़ा दावा
इस खौफनाक घटना की जानकारी देते हुए मौके पर पहुंचे डॉक्टर साहिल ने बताया कि उन्हें स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी। इसके बाद वह तुरंत पार्क पहुंचे और पुलिस कंट्रोल रूम को भी अलर्ट कर दिया। डॉ. साहिल के चौंकाने वाले खुलासे के मुताबिक, यह पार्क अक्सर नशेड़ियों का अड्डा बना रहता है। मृतक युवक जिस दर्दनाक हालत में बेंच पर पड़ा मिला, उससे इस बात की प्रबल आशंका जताई जा रही है कि उसकी जान नशे की अत्यधिक मात्रा (ओवरडोज) लेने के कारण ही गई है।
शिनाख्त में जुटी पुलिस, 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया शव
पुलिस कंट्रोल रूम से अलर्ट मिलने के बाद ड्यूटी ऑफिसर गुरप्रीत सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक युवक की तलाशी ली, लेकिन उसकी जेब से कोई भी आईडी कार्ड, मोबाइल फोन या कोई संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस अब युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने शव को 72 घंटों के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असली कारणों का आधिकारिक खुलासा अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

Body of Young Man Found on Bench in Busy Area of Ludhiana; Doctor Reveals Cause of Death








