You are currently viewing पंजाब में खूनी वारदात, गाड़ी धीरे चलाने को कहा तो गोलियों से भून डाला; एक की मौत और 4 घायल

पंजाब में खूनी वारदात, गाड़ी धीरे चलाने को कहा तो गोलियों से भून डाला; एक की मौत और 4 घायल

अमृतसर: अमृतसर में देर रात एक खूनी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां मामूली कहासुनी के बाद समझौते के बहाने बुलाकर एक युवक की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसके साथ गए चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से सुल्तान विंड ड्रमा वाले बाजार और आसपास के इलाके में भारी दहशत का माहौल है। वहीं, सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है।

तेज रफ्तार गाड़ी टोकने पर शुरू हुआ था विवाद

मृतक के साथी अजमेर सिंह ने इस वारदात की खौफनाक दास्तां बयां की है। अजमेर के मुताबिक, विवाद की शुरुआत बेहद मामूली बात से हुई थी। मृतक साबू उर्फ दलबीर सिंह अपने घर के बाहर पत्नी के साथ खड़ा था, तभी वहां से कुछ युवक अपनी गाड़ी बेहद तेज रफ्तार में लेकर गुजरे। जब दलबीर ने उन्हें गाड़ी की रफ्तार धीमी करने को कहा, तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई। इसके बाद आरोपियों ने एक साजिश के तहत रात करीब 11:30 बजे दलबीर को समझौते (राजीनामा) के बहाने अपने पास बुलाया।

शांति से बात करने गए थे, आरोपियों ने बिछा रखा था मौत का जाल

मृतक के भाई लखबीर सिंह ने बताया कि आरोपी उसके भाई को घर से यह कहकर अपने साथ ले गए थे कि उनका झगड़ा हो गया है और उसे सुलझाने के लिए चलना है। दलबीर अपने चार साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। उन्हें लगा था कि बातचीत से मामला शांत हो जाएगा, लेकिन वहां पहुंचते ही हालात पूरी तरह बिगड़ गए। दूसरे पक्ष के 6 से 7 लोगों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस जानलेवा हमले में दलबीर को गोलियां लगीं और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, अजमेर को छूते हुए गोली निकल गई और अन्य तीन साथी भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज, हमलावरों की तलाश तेज

गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाके में मची अफरा-तफरी की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी (एसएचओ) बलविंदर सिंह औलख भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। एसएचओ ने बताया कि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की हर एंगल से बारीकी से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की पहचान करने के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Bloody Incident in Punjab: Shot Dead for Asking to Drive Slowly; One Dead, Four Injured