You are currently viewing जर्मनी के गुरुद्वारे में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, वर्चस्व की जंग में चले चाकू और कृपाण, 11 श्रद्धालु घायल

जर्मनी के गुरुद्वारे में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, वर्चस्व की जंग में चले चाकू और कृपाण, 11 श्रद्धालु घायल

मोर्स: जर्मनी के मोर्स शहर (डुइसबर्ग इलाका) स्थित एक गुरुद्वारे में वर्चस्व और फंड को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस खूनी संघर्ष में 11 लोग घायल हो गए हैं। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें धार्मिक परिसर के अंदर लोग आपस में बुरी तरह भिड़ते और हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस दौरान धारदार हथियारों का भी जमकर इस्तेमाल किया गया, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी।

फंड और नई कमेटी के चुनाव को लेकर भड़का विवाद

जर्मन अखबार ‘बिल्ड’ की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हिंसक झड़प में करीब 40 लोग शामिल थे। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद गुरुद्वारे के नए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चुनाव और फंड के प्रबंधन को लेकर शुरू हुआ था। पूर्व और वर्तमान बोर्ड सदस्यों के बीच लंबे समय से इस बात को लेकर खींचतान चल रही थी कि गुरुद्वारे के फैसलों और नियंत्रण में किसकी बात अंतिम मानी जाएगी। इसी वर्चस्व की लड़ाई ने सोमवार को इतना हिंसक रूप ले लिया।

हमले की पहले से थी साजिश, पेपर स्प्रे और पिस्तौल का भी हुआ इस्तेमाल

घटना के एक 56 वर्षीय चश्मदीद ने बताया कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित लग रहा था। प्रार्थना सेवा शुरू होने से ठीक पहले हमलावरों ने श्रद्धालुओं पर पेपर स्प्रे छिड़क दिया। इसके बाद एक व्यक्ति ने पिस्तौल से फायरिंग भी की। प्रत्यक्षदर्शियों ने मौके पर चाकू और कृपाण जैसे धारदार हथियार भी देखे। हमला शुरू होते ही गुरुद्वारा परिसर में भगदड़ मच गई और घबराए हुए लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे। गनीमत यह रही कि इस भयानक घटना में किसी की जान नहीं गई।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, एक संदिग्ध गिरफ्तार

हालात बेकाबू होते देख भारी पुलिस बल और विशेष सामरिक इकाइयों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। सभी घायलों का मौके पर ही पैरामेडिक्स और डॉक्टरों की टीम द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खोखे मिले हैं, जिसके आधार पर अंदेशा जताया जा रहा है कि फायरिंग के लिए ‘ब्लैंक-फायरिंग’ (बिना असली गोली वाली) पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था। हथियार अभी तक बरामद नहीं हो सका है और पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Bloody Clash Between Two Factions at German Gurdwara; Knives and Kirpans Wielded in Power Struggle