
नई दिल्ली: हरियाणा के मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। इस केस के मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड सुनील सरधानिया को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख से डिपोर्ट कर भारत लाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, सरधानिया की लोकेशन पहले जेरूसलम में ट्रेस हुई थी। इसके बाद इंटरपोल की मदद से उसका पीछा किया गया और उसे ज्यूरिख में हिरासत में ले लिया गया। अब उसे भारत भेजने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि सुनील सरधानिया न सिर्फ फाजिलपुरिया पर फायरिंग केस का मुख्य साजिशकर्ता है, बल्कि वह राहुल फाजिलपुरिया के करीबी दोस्त और प्रॉपर्टी डीलर रोहित शौकीन हत्याकांड में भी शामिल था। शौकीन की हत्या गुरुग्राम के सेक्टर 77 स्थित एसपीआर रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने की थी। हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद सरधानिया ने सोशल मीडिया पर इस हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई थी कि यह पूरा मामला गैंगवार और करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़ा था। रोहित के दोस्त दीपक नांदल को भी इस मामले में मुख्य संदिग्ध माना गया था, जिसने कथित तौर पर उधार के पैसे नहीं लौटाए थे।
गौरतलब है कि कुछ महीनों पहले राहुल फाजिलपुरिया की कार पर भी गुरुग्राम के एसपीआर रोड पर ही फायरिंग की गई थी, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। उनकी कार पर दो राउंड गोलियां चलाई गई थीं। उस वक्त भी जांच में सुनील सरधानिया का नाम सामने आया था।
अब सरधानिया की भारत वापसी के बाद इस गैंगवार और दोनों हाई-प्रोफाइल मामलों में कई नए खुलासे होने की उम्मीद है। पुलिस उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में लेकर सीधे गुरुग्राम जाएगी, जहां उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी।
View this post on Instagram


Big update in Rahul Fazilpuria firing case




