
कोलकाता: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चल रहे कोलकाता टेस्ट मैच के बीच भारतीय टीम के लिए एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। कप्तान शुभमन गिल गर्दन में लगी चोट के कारण टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने रविवार, 16 नवंबर की सुबह इस बात की पुष्टि की। गिल को जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जहां वे फिलहाल निगरानी में हैं।
BCCI ने अपने आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर अपडेट देते हुए लिखा, “कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रहे टेस्ट मैच के दूसरे दिन कप्तान शुभमन गिल की गर्दन में चोट लग गई। दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल वह अस्पताल में निगरानी में हैं।”
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि, “वह आगे टेस्ट मैच में हिस्सा नहीं लेंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी।”

शुभमन गिल को यह चोट भारतीय पारी के 35वें ओवर के दौरान लगी थी। चोट लगने के बाद, महज तीन गेंदें खेलकर उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था (रिटायर्ड हर्ट)। जब टीम के सभी विकेट गिर गए, तब भी गिल बल्लेबाजी के लिए वापस नहीं उतरे, जिससे उनकी चोट की गंभीरता का पता चला। कप्तान गिल की गौरमौजूदगी में, विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत टीम की कप्तानी कर रहे हैं।
वहीं, अगर मैच की बात करें तो, दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 93 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम के पास अब कुल 63 रनों की बढ़त है। इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका पहली पारी में 159 रनों पर सिमट गया था, जिसके जवाब में भारत ने 189 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर 30 रनों की बढ़त हासिल की थी।
View this post on Instagram


big-blow-to-team-india








