लुधियाना: लुधियाना स्थित फोकल प्वाइंट इलाके में धोखाधड़ी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फैक्ट्री मालिक के निजी सहायक (पीए) ने अपने ही बॉस को 70 लाख रुपए का भारी-भरकम चूना लगा दिया। आरोपी ने मालिक के भरोसे का फायदा उठाते हुए इस बड़ी हेराफेरी को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं।
मालिक के नाम का उठाया फायदा, नवाबों वाले थे शौक
जानकारी के मुताबिक, तरनतारन का रहने वाला आरोपी गुरप्रीत सिंह सिद्धू पिछले करीब डेढ़ साल से फैक्ट्री मालिक वनीत सूद के पीए के तौर पर काम कर रहा था। मालिक उस पर आंख मूंदकर भरोसा करते थे, लेकिन इसी भरोसे की आड़ में उसने उनके नाम और पद का गलत इस्तेमाल किया। उसने अलग-अलग तरीकों से 70 लाख रुपए की बड़ी रकम पार कर दी। हैरानी की बात यह है कि आरोपी रहता तो एक किराए के कमरे में था, लेकिन वह महंगी गाड़ियों का बेहद शौकीन था। वह अक्सर अपने कमरे पर नई-नई और महंगी गाड़ियां लेकर आता था, जिसे देखकर आसपास के लोग भी दंग रह जाते थे।
ऑडिट विभाग की जांच में सामने आया हेराफेरी का सच
इस शातिर खेल का भंडाफोड़ तब हुआ जब फैक्ट्री के ऑडिट विभाग ने हिसाब-किताब खंगालना शुरू किया। हैबोवाल खुर्द निवासी और सुआ रोड स्थित सनटेक्स इंटरनेशनल फैक्ट्री के ऑडिट विभाग में कार्यरत सीनियर एग्जीक्यूटिव सिमिंदर थापर ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह पूरी फैक्ट्री का वित्तीय लेखा-जोखा संभालते हैं। जब उन्होंने खातों की बारीकी से जांच की, तो पता चला कि गुरप्रीत सिंह ने पिछले कई महीनों में धीरे-धीरे करके इस भारी रकम की चोरी की है। इसके बाद तुरंत पुलिस को इस पूरे फर्जीवाड़े की सूचना दी गई।
पुलिस की रेड में नकदी और महंगी बाइक बरामद
शिकायत मिलने के बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए हाल निवासी शाइन प्रॉपर्टी सेक्टर-32ए (चंडीगढ़ रोड) में रहने वाले आरोपी गुरप्रीत के खिलाफ बीएनएस की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित छापेमारी भी की है, जिसमें आरोपी के पास से हेराफेरी की कुछ नकदी और एक महंगी बाइक बरामद की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसने 70 लाख की बाकी रकम कहां निवेश की है या छिपाई है।

Betrayal of the Factory Owner’s Trust: PA Swindles 70 Lakhs; Lived in a Rented Room While Riding in Luxury Cars








