You are currently viewing BCCI का बड़ा एक्शन: KKR को बांग्लादेशी गेंदबाज को टीम से हटाने का निर्देश; हिंदुओं पर हिंसा के चलते फैसला

BCCI का बड़ा एक्शन: KKR को बांग्लादेशी गेंदबाज को टीम से हटाने का निर्देश; हिंदुओं पर हिंसा के चलते फैसला

मुंबई: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे लगातार अत्याचार और हिंसा का असर अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) पर भी पड़ गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कड़ा रुख अपनाते हुए शाहरुख खान की मालिकाना हक वाली फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को निर्देश दिया है कि वे अपने बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को तत्काल प्रभाव से टीम से रिलीज कर दें।

सचिव देवजीत सैकिया ने की पुष्टि

BCCI के इस फैसले की जानकारी बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाल के दिनों में पड़ोसी देश में जो घटनाक्रम सामने आए हैं, उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सैकिया ने कहा, “हालिया हालातों को देखते हुए बीसीसीआई ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स को निर्देश दिया है कि वे मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करें।”

बोर्ड ने फ्रेंचाइजी को राहत देते हुए यह भी कहा है कि अगर केकेआर प्रबंधन मुस्तफिजुर की जगह किसी अन्य खिलाड़ी (रिप्लेसमेंट) की मांग करता है, तो नियमों के तहत उन्हें इसकी अनुमति दी जाएगी।

9.2 करोड़ में बिककर बने थे सबसे महंगे खिलाड़ी

गौरतलब है कि पिछले महीने अबुधाबी में हुए IPL मिनी ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तफिजुर रहमान पर बड़ा दांव खेला था। केकेआर ने उन्हें 9.2 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में खरीदा था। इस कीमत के साथ मुस्तफिजुर आईपीएल इतिहास में बिकने वाले बांग्लादेश के अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए थे।

क्यों लिया गया यह फैसला?

बांग्लादेश में तख्तापलट और राजनीतिक अस्थिरता के बाद से वहां हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हिंसा की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। भारत में इसका कड़ा विरोध हो रहा है और विभिन्न संगठन बांग्लादेशी खिलाड़ियों के बहिष्कार की मांग कर रहे थे। माना जा रहा है कि जनभावनाओं और सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने यह सख्त कदम उठाया है।

BCCI takes major action: instructs KKR to remove the Bangladeshi bowler from the team.