नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी को एक गहरा झटका लगा है। पार्टी के दिग्गज नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और जाने-माने पत्रकार बलबीर पुंज का शनिवार को निधन हो गया। 76 वर्षीय पुंज ने दिल्ली के एक अस्पताल में अपनी अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शुक्रवार को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका देहांत हो गया। मूल रूप से पंजाब के रहने वाले बलबीर पुंज वर्तमान में नोएडा के सेक्टर-17 में निवास कर रहे थे। उनके निधन की दुखद खबर सामने आते ही राजनीतिक और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
पीएम मोदी से लेकर योगी आदित्यनाथ तक ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
वरिष्ठ नेता बलबीर पुंज के निधन पर देश के शीर्ष नेताओं ने गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेता नितिन नवीन समेत कई दिग्गजों ने उनके निधन को संगठन, साहित्य और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है। पुंज के परिवार की बात करें तो उनकी एक बेटी विदेश में रहती है, जबकि दूसरी बेटी दिल्ली में निवासरत है। पंजाब की माटी से उनका हमेशा से गहरा जुड़ाव रहा और वह अक्सर अपने गृह राज्य आते-जाते रहते थे। एक प्रखर विचारक के रूप में उनकी रचनाएं और लेख अक्सर कई प्रतिष्ठित मैगजीन और अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित होते थे।
पत्रकारिता से शुरू किया था शानदार सफर, संगठन में निभाई कई बड़ी जिम्मेदारियां
राजनीति के मंच पर अपना लोहा मनवाने वाले बलबीर पुंज का जन्म 2 अक्टूबर 1949 को पंजाब के गुरदासपुर जिले के लालोवाल में हुआ था। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने कभी पंजाब से कोई चुनाव नहीं लड़ा, इसके बावजूद संगठन में उनकी पकड़ बेहद मजबूत थी। पुंज ने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता की दुनिया से की थी। उन्होंने साल 1971 में ‘द मदरलैंड’ अखबार से काम शुरू किया और फिर 1974 में ‘फाइनेंशियल एक्सप्रेस’ से जुड़कर कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दीं। 1990 के दशक के अंत में उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा और पूरी तरह से भाजपा के साथ जुड़ गए। पार्टी में उन्होंने करीब एक दशक तक बौद्धिक प्रकोष्ठ के संयोजक के रूप में काम किया। अपनी काबिलियत के दम पर वे भाजपा के राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य और पंजाब, गुजरात, केरल व हिमाचल प्रदेश जैसे कई अहम राज्यों के प्रभारी भी रहे। उनकी शानदार सांगठनिक क्षमता और समर्पण को देखते हुए वर्ष 2013 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी बनाया गया था।

Balbir Punj, former in-charge of Punjab BJP, passes away at the age of 76; PM Modi expresses condolences.








