You are currently viewing पंजाब में ऑस्ट्रेलिया वीज़ा घोटाला: 26 छात्रों से 1.02 करोड़ की ठगी, कंसल्टेंट ने ही दूसरे कंसल्टेंट पर कराया केस

पंजाब में ऑस्ट्रेलिया वीज़ा घोटाला: 26 छात्रों से 1.02 करोड़ की ठगी, कंसल्टेंट ने ही दूसरे कंसल्टेंट पर कराया केस

फिरोजपुर: ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई के सपने देख रहे 26 छात्रों के साथ करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। फिरोजपुर के इमिग्रेशन कंसल्टेंट नवीन मैनी ने चंडीगढ़ और खन्ना स्थित साइन-वे कंसल्टेंट व रियल वीज़ा एडवाइजर के मालिक मनदीप सिंह समेत पांच लोगों पर 1 करोड़ 2 लाख 3 हजार रुपए की ठगी का केस दर्ज कराया है।

आरोप है कि मनदीप सिंह और उसके साथियों ने 26 छात्रों के ऑस्ट्रेलिया स्टडी वीज़ा लगवाने के नाम पर यह रकम ली, लेकिन बदले में उन्हें फर्जी वीज़ा और जाली दस्तावेज़ थमा दिए।

पुलिस जांच रिपोर्ट के अनुसार, फिरोजपुर के कंसल्टेंट नवीन मैनी ने जुलाई-अगस्त 2024 में अपने 26 ग्राहकों की फाइलें आरोपी मनदीप सिंह और जसदीप सिंह को सौंपी थीं। मनदीप ने वीज़ा लगवाने के बदले मैनी को कमीशन देने का वादा किया था।

आरोप है कि मनदीप और जसदीप ने पहले तो ‘फंड शो’ करने के नाम पर सभी 26 छात्रों के बैंक खाते खुलवाए और चालाकी से उनके एटीएम व चेकबुक अपने पास रख लिए। उन्होंने छात्रों से इन खातों में 49 लाख 60 हजार रुपए (प्रति छात्र ₹1,90,000) जमा करवाए और बाद में यह पूरी राशि एटीएम और फर्म के खातों में ट्रांसफर करके निकाल ली।

इसके बाद, मनदीप और उसके साथियों ने नवीन मैनी को अलग-अलग तारीखों में 8 नकली वीज़ा, फर्जी ऑफर लेटर, सीओई (COE) और दूतावास शुल्क की फर्जी रसीदें दीं। इन जाली दस्तावेजों के एवज में मैनी ने उन्हें किस्तों में 1.2 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया।

धोखाधड़ी का पता तब चला जब मैनी ने इन वीज़ा को ऑनलाइन चेक कराया, लेकिन वे सरकारी वेबसाइट पर शो नहीं हुए। जब मैनी ने आरोपियों से संपर्क किया, तो वे लगभग 5 महीने तक ‘यात्रा दस्तावेज’ (Travel Documents) न आने का बहाना बनाकर टालमटोल करते रहे। अंत में, आरोपियों ने मैनी का फोन उठाना ही बंद कर दिया।

फर्जीवाड़े का यकीन होने पर मैनी ने पुलिस में शिकायत दी। पुलिस जांच के दौरान आरोपी पक्ष ने 3 बार मैनी के साथ आपसी राजीनामा (समझौता) किया। 19 अगस्त को मनदीप और जसदीप ने 5 अक्टूबर तक किस्तों में पूरी राशि वापस करने की जिम्मेदारी ली। इसके बाद 19 सितंबर को 78 लाख 86 हजार के भुगतान का एक रजिस्टर्ड समझौता भी हुआ।

आरोपियों ने समझौते के तहत 10 लाख रुपए ट्रांसफर भी किए, लेकिन शेष राशि नहीं लौटाई और फिर से गायब हो गए। पुलिस अधीक्षक (जांच) की रिपोर्ट के आधार पर, पुलिस ने समझौते का उल्लंघन करने और धोखाधड़ी के पुख्ता सबूत मिलने पर 5 लोगों को नामजद किया है। इनमें मनदीप सिंह, राजिंदर कुमार, जसदीप सिंह, चतिंदर सिंह और मनवीर सिंह शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

Australia visa scam in Punjab