You are currently viewing जालंधर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, कॉलेज प्रधानगी विवाद का मुख्य शूटर लवी गिरफ्तार; जवाबी कार्रवाई में लगी दो गोलियां

जालंधर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, कॉलेज प्रधानगी विवाद का मुख्य शूटर लवी गिरफ्तार; जवाबी कार्रवाई में लगी दो गोलियां

जालंधर: जालंधर के पास अलावलपुर रोड पर आज सुबह पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस क्रॉस फायरिंग में 19 दिसंबर को हुए गोलीकांड का मुख्य आरोपी लवप्रीत उर्फ लवी घायल हो गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के हाथ में दो गोलियां लगी हैं, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर तुरंत इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्तौल भी बरामद की है।

सुबह सवा 9 बजे हुई क्रॉस फायरिंग

एसएसपी (देहात) हरविंदर सिंह विर्क ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भुलत्थ का रहने वाला मुख्य शूटर लवप्रीत उर्फ लवी अलावलपुर इलाके में घूम रहा है। इस सूचना पर आदमपुर के डीएसपी की अगुवाई में पुलिस टीमों ने जाल बिछाया। आज सुबह करीब 9:15 बजे जब पुलिस ने जगरावां की तरफ आरोपी को रोकने की कोशिश की, तो उसने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो गोलियां आरोपी को लगीं और वह घायल हो गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी लवी पर पहले से ही लड़ाई-झगड़े के 3 मामले दर्ज हैं।

19 दिसंबर को पेट्रोल पंप पर चलाई थीं गोलियां

यह पूरा मामला सेंट सोल्जर कॉलेज की प्रधानगी को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर को जालंधर-भोगपुर हाईवे पर किशनगढ़ चौक के पास स्थित एक पेट्रोल पंप और बरिस्ता कैफे के नजदीक दो गुट आमने-सामने हो गए थे। उस दौरान तीन कारों में सवार होकर आए बदमाशों ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ 12 से 15 राउंड फायरिंग की थी। वहां 50 से 70 युवक खड़े थे, जिनमें से शिवदासपुरा निवासी गुरप्रीत गोपी और सौरव को गोलियां लगी थीं और वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

पहले भी पकड़े जा चुके हैं साथी

पुलिस इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्की को 19 दिसंबर को ही एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और पुलिस ने दो अन्य आरोपियों, जतिंदर और रक्षित को भी मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। हालांकि, मुख्य शूटर लवप्रीत उर्फ लवी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश कर रही थीं और आज आखिरकार उसे मुठभेड़ के बाद दबोच लिया गया।

An encounter took place between Jalandhar police and a criminal; Lavi, the main shooter in the college presidency dispute