You are currently viewing जालंधर में बुजुर्ग दंपती से 11 हजार की ठगी, निगम अधिकारी बनकर आए ठग, कारपेट बेचने के बहाने बनाया शिकार

जालंधर में बुजुर्ग दंपती से 11 हजार की ठगी, निगम अधिकारी बनकर आए ठग, कारपेट बेचने के बहाने बनाया शिकार

जालंधर: शहर के वडाला चौक स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी में शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग दंपती को अपना निशाना बनाया। ठगों ने खुद को नगर निगम का अधिकारी बताकर पहले विश्वास जीता और फिर कारपेट बेचने का नाटक रचकर 11 हजार रुपये की चपत लगा दी। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी दो बाइकों पर सवार होकर फरार हो गए।

धूप सेंक रहे दंपती को बातों में उलझाया

पीड़ित कपूर परिवार की महिला ने जानकारी दी कि वह और उनके पति घर के बाहर धूप सेंक रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को नगर निगम का कर्मचारी बताया और घर में पानी या सीवरेज की समस्या के बारे में पूछताछ करने लगे। जब दंपती ने किसी भी समस्या से इनकार किया, तो दोनों युवक वहीं रुककर आपस में बातें करने का नाटक करने लगे।

कारपेट का सौदा और ठगी का खेल

कुछ ही देर बाद दो अन्य युवक बाइक पर कारपेट लेकर मौके पर पहुंचे और बुजुर्ग दंपती को कारपेट बेचने का आग्रह करने लगे। दंपती के इनकार करने पर, वहां पहले से मौजूद कथित निगम कर्मियों ने कारपेट वालों से सौदेबाजी शुरू कर दी।

आरोपियों ने 11 हजार रुपये में कारपेट खरीदने की डील पक्की की। भरोसा जीतने के लिए एक ठग ने कहा कि उसके पास अभी 2 हजार रुपये हैं और बाकी पैसे वह घर से लाकर देगा, लेकिन कारपेट बेचने वाले ने तुरंत पूरे भुगतान की मांग की।

पैसे लेकर हुए रफूचक्कर

इस ड्रामे के बीच कथित निगम कर्मी ने बुजुर्ग पति से 11 हजार रुपये उधार मांगे और झांसा दिया कि वे अभी पैसे लाकर लौटा देंगे। बुजुर्ग ने भरोसे में आकर पैसे दे दिए। ठग उन्हें कारपेट थमाकर वहां से फरार हो गए। बाद में जब दंपती ने कारपेट देखे तो वे बेहद हल्के और घटिया क्वालिटी के निकले।

पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और बयानों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

An elderly couple in Jalandhar was defrauded of Rs. 11,000 by conmen posing as municipal officials