जालंधर: पंजाब की राजनीति में रविवार सुबह एक बड़ी हलचल देखने को मिली। बंगा विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक डॉ. सुखविंदर सुक्खी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। डॉ. सुक्खी ने रविवार सुबह बंगा स्थित गुरुद्वारा राजा साहिब रसोखाना पहुंचकर इस बड़े फैसले का ऐलान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजा साहिब अस्थान के प्रति उनकी गहरी आस्था है और हाल ही में मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा दिए गए एक बयान से आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया है।
CM के बयान से धार्मिक भावनाओं को पहुंची ठेस
डॉ. सुक्खी के इस्तीफे की मुख्य वजह मुख्यमंत्री भगवंत मान का वह बयान है, जो उन्होंने माघी मेले के दौरान श्री मुक्तसर साहिब में दिया था। सीएम मान ने बंगा हलके के एक डेरे से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 169 पावन स्वरूपों के चोरी होने के मामले में टिप्पणी की थी। यह बयान अब तूल पकड़ता जा रहा है, जिससे सियासी और धार्मिक गलियारों में माहौल गरमा गया है। इसी के विरोध में डॉ. सुक्खी ने राजा साहिब के गुरु घर (रसोखाना) में नतमस्तक होकर अपने ‘कैबिनेट रैंक’ और पद से इस्तीफा देने की घोषणा की। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पेज पर लाइव आकर भी इसकी आधिकारिक पुष्टि की है।
विकास के लिए छोड़ा था अकाली दल, अब AAP से भी हुए अलग
गौरतलब है कि करीब एक साल पहले ही डॉ. सुखविंदर सुक्खी ने शिरोमणि अकाली दल (SAD) का दामन छोड़कर आम आदमी पार्टी (AAP) जॉइन की थी। उन्होंने पिछले साल 14 अगस्त को सीएम भगवंत मान की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ली थी। उस समय डॉ. सुक्खी ने कहा था कि वह अपने इलाके के विकास के लिए यह फैसला ले रहे हैं। उनका कहना था कि लगातार दूसरी बार विधायक बनने के बावजूद कांग्रेस सरकार में उनके इलाके का काम नहीं हो पा रहा था, लेकिन सीएम मान उनकी मांगों को प्राथमिकता दे रहे थे। हालांकि, अब धार्मिक मसले पर हुए विवाद के बाद उन्होंने पार्टी और पद से किनारा कर लिया है।

An AAP MLA in Punjab resigned after being upset by Chief Minister Mann’s statement




