You are currently viewing गैस किल्लत के बीच जालंधर में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की उड़ी अफवाह, पंप से लौटने लगे लोग, जानें क्या है माजरा

गैस किल्लत के बीच जालंधर में पेट्रोल-डीजल खत्म होने की उड़ी अफवाह, पंप से लौटने लगे लोग, जानें क्या है माजरा

जालंधर: ईरान-इजराइल महायुद्ध के कारण रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे जालंधर वासियों के बीच गुरुवार को एक नई अफवाह ने भारी दहशत का माहौल पैदा कर दिया। शहर में अचानक यह खबर आग की तरह फैल गई कि अब पेट्रोल और डीजल का स्टॉक भी खत्म हो गया है। यह हड़कंप तब मचा जब शहर के एक प्रमुख पेट्रोल पंप से लोगों को बिना तेल भरवाए ही वापस लौटना पड़ा। अफवाहों का बाजार गर्म होते ही लोगों में पैनिक सताने लगा, जिसके बाद खुद पंप संचालकों और गैस एजेंसियों को सामने आकर शहरवासियों को असल सच्चाई से रूबरू करवाना पड़ा।

मशीन खराब होने से मचा भारी बवाल

शहर के 66 फीट रोड पर क्यूरो मॉल के पास स्थित पेट्रोल पंप पर गुरुवार को अचानक मशीनों पर ‘टेक्निकल प्रॉब्लम’ का बोर्ड लटका दिया गया। तेल भरवाने आ रहे बाइक चालकों और अन्य वाहन मालिकों को जब कर्मचारियों ने वापस भेजना शुरू किया, तो लोगों ने यह मान लिया कि जालंधर में पेट्रोल खत्म हो गया है। इस भारी पैनिक को देखते हुए पंप संचालकों ने तुरंत स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि उनके पास पेट्रोल-डीजल का पूरा स्टॉक सुरक्षित है और ईरान-इजराइल जंग का ईंधन आपूर्ति पर कोई असर नहीं पड़ा है। महज मशीनों में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसे ठीक करने के लिए टेक्निकल टीम काम कर रही है। उन्होंने शहरवासियों से किसी भी भ्रामक अफवाह पर ध्यान न देने की कड़ी अपील की है।

सर्वर डाउन होने से रुकी गैस बुकिंग

एक तरफ पेट्रोल खत्म होने की अफवाहों ने डराया, तो दूसरी तरफ लोग रसोई गैस (LPG) सिलेंडर न मिलने को लेकर भी खासे परेशान नजर आ रहे हैं। इस संबंध में जालंधर की प्रतिष्ठित कोहली गैस के मालिक ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पैनिक के कारण अचानक बढ़ी ऑनलाइन बुकिंग से सर्वर काम नहीं कर रहा है। इस तकनीकी समस्या से निपटने के लिए एजेंसियों ने अब मैनुअल बुकिंग शुरू कर दी है। इसके साथ ही कालाबाजारी और पैनिक बाइंग को रोकने के लिए एक नया नियम सख्ती से लागू किया गया है, जिसके तहत अब केवल उन्हीं उपभोक्ताओं का सिलेंडर बुक किया जा रहा है, जिन्हें अपना पिछला सिलेंडर बुक करवाए हुए कम से कम 25 दिन पूरे हो चुके हैं। समय सीमा से पहले आने वाले ग्राहकों को बिना बुकिंग के वापस भेजा जा रहा है।

Amid gas shortages, rumors spread that petrol and diesel had run out in Jalandhar, with people returning from the pumps