नई दिल्ली: देशभर में विमानों की लेटलतीफी और एयरपोर्ट्स पर मची अफरा-तफरी के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। शनिवार को टाटा समूह के स्वामित्व वाली इन एयरलाइंस ने संकट को देखते हुए तत्काल प्रभाव से कई बड़े बदलाव लागू किए हैं। कंपनी का कहना है कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मौजूदा हालात में किसी भी यात्री को न तो आर्थिक नुकसान हो और न ही मानसिक परेशानी उठानी पड़े। इसके लिए किराया नियंत्रण (फेयर कैपिंग) से लेकर रिफंड तक की नीतियों में ढील दी गई है।
एयर इंडिया ने बताया कि 4 दिसंबर 2025 से दोनों एयरलाइंस की घरेलू उड़ानों के इकोनॉमी क्लास के टिकटों की अधिकतम कीमत तय कर दी गई है। इसका मतलब है कि उड़ानों की कमी या भारी मांग के बावजूद अब टिकटों के दाम अचानक नहीं बढ़ेंगे। आमतौर पर एयरलाइंस ‘ऑटोमेटेड रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम’ का इस्तेमाल करती हैं, जो डिमांड के हिसाब से किराया बढ़ा देता है, लेकिन मौजूदा संकट और सरकारी निर्देशों को देखते हुए इसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बदलने और रद्द करने के नियमों में भी बड़ी छूट दी गई है। जिन यात्रियों ने 4 दिसंबर 2025 तक अपने टिकट बुक किए थे और जिनकी यात्रा 15 दिसंबर 2025 तक निर्धारित है, वे अब बिना किसी अतिरिक्त शुल्क (Penalties) के अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या टिकट कैंसिल कर सकते हैं। टिकट रद्द करने पर यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जाएगा। यह विशेष छूट 8 दिसंबर 2025 तक केवल एक बार बदलाव के लिए मान्य होगी। हालांकि, अगर यात्री नई तारीख चुनते हैं और उस दिन का किराया पुराने टिकट से ज्यादा है, तो उन्हें केवल किराए का अंतर (Fare Difference) चुकाना होगा।
यात्रियों की सहायता के लिए एयरलाइंस ने अपने 24×7 कॉन्टैक्ट सेंटरों की क्षमता बढ़ाते हुए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया है, ताकि वेटिंग टाइम कम हो सके। यात्री सहायता के लिए एयर इंडिया (+91 11 6932 9333) और एयर इंडिया एक्सप्रेस (+91 124 443 5600) के नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री व्हाट्सएप चैटबॉट ‘TIA’ और मोबाइल ऐप के जरिए भी अपनी बुकिंग में बदलाव कर सकते हैं। कंपनी ने यह भी कहा है कि अगर किसी फ्लाइट में इकोनॉमी क्लास फुल है, तो यात्रियों को बिना अतिरिक्त पैसा लिए खाली पड़ी अपर क्लास सीटों पर अपग्रेड किया जा सकता है। साथ ही, छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और सेना के जवानों को मिलने वाली विशेष छूट पहले की तरह जारी रहेगी।

Air India opens its doors during the flight crisis; fares fixed, full refunds, and free seat upgrades




