You are currently viewing जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर AGTF का बड़ा एक्शन, 2 गुर्गे अत्याधुनिक हथियारों संग गिरफ्तार, विदेश से मिल रहे थे निर्देश

जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर AGTF का बड़ा एक्शन, 2 गुर्गे अत्याधुनिक हथियारों संग गिरफ्तार, विदेश से मिल रहे थे निर्देश

चंडीगढ़: पंजाब पुलिस ने राज्य में अपराध के खिलाफ जारी अपने सख्त अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने होशियारपुर पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान चलाकर कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से अत्याधुनिक विदेशी हथियार भी बरामद हुए हैं।

डीजीपी पंजाब पुलिस के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट से एक पोस्ट साझा कर इस कार्रवाई की जानकारी दी गई। पोस्ट में कहा गया, “एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए, एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब ने होशियारपुर पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।” इनकी पहचान सविंदर सिंह उर्फ बोधी (28 वर्ष) और सुखमन उर्फ जशन (25 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों गुरदासपुर के कलानौर के रहने वाले हैं।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि ये दोनों आरोपी अपने विदेशी हैंडलर अमृत दलम के निर्देश पर काम कर रहे थे। अमृत दलम, जो फिलहाल कनाडा में है, जग्गू भगवानपुरिया का करीबी सहयोगी है और जेल में बंद भगवानपुरिया के गैंग को विदेश से चला रहा था। वहीँ से वह इन आरोपियों को हथियार और फंडिंग उपलब्ध करा रहा था।

पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी हाल ही में कलानौर के वडाला बांगर में एक मेडिकल स्टोर पर हुई गोलीबारी की घटना में वांछित थे। उस घटना में उन्होंने डॉ. हरि सिंह को निशाना बनाकर गैंग की दहशत फैलाई थी।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये आरोपी होशियारपुर क्षेत्र में सक्रिय हैं और किसी अगली साजिश को अंजाम देने की फिराक में थे। इसके बाद एजीटीएफ और होशियारपुर पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं, जिनमें दो ग्लॉक पिस्तौल, एक जेगाना पिस्तौल और एक पीएक्स30 पिस्तौल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने उनके पास से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

ये हथियार विदेश से तस्करी कर लाए गए थे और इन्हें टारगेट किलिंग के लिए इस्तेमाल किया जाना था। पुलिस ने थाना दसूया, होशियारपुर में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। मामले में आगे की जांच जारी है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के अन्य सदस्यों का भी पर्दाफाश किया जा सके।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Jaspreet Singh (@akstudyvisa1)

AGTF takes major action against Jaggu