जालंधर: जालंधर में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने आज सुबह एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शहर के बेहद पॉश माने जाने वाले मॉडल टाउन इलाके में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लकी ओबेरॉय की हत्या कर दी गई है। बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सुबह 8 बजे गुरुद्वारे के बाहर हुई वारदात
घटना सुबह करीब 8 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लकी ओबेरॉय मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर मौजूद थे। तभी वहां घात लगाकर आए अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

5 गोलियां लगने से मौत, 1 सप्ताह पहले मनाया था जन्मदिन
हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने लकी ओबेरॉय को संभलने का मौका तक नहीं दिया। इस हमले में ‘आप’ नेता को 5 गोलियां लगी जिनसे उनकी मौत हो गई। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना से ठीक एक सप्ताह पहने उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया था। वहीं, वार्ड नं 35 से आप नेता लकी ओबेरॉय की पत्नी सिमरनजोत कौर ओबेरॉय ने चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
दहशत का माहौल, CCTV खंगाल रही पुलिस
दिनदहाड़े पॉश इलाके में हुई इस गोलीबारी से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। हमलावर कौन थे और इस हमले के पीछे क्या रंजिश थी, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द से जल्द धरपकड़ की जा सके।

AAP leader shot at in Jalandhar, 5 bullets fired in Model Town, deadly attack outside a gurdwara




